भाजपा का कद बढ़ाने में मुलायम की मुख्य भूमिका: बेनी प्रसाद
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का मानना है कि भाजपा को आगे बढ़ाने में सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव की अहम भूमिका है। बिना मुलायम सिंह यादव के सहयोग के भाजपा इतना आगे नहीं बढ़ सकती। बेनी प्रसाद वर्मा ने कांठ के उपद्रव के लिए भाजपा को ही जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि ऐसा कर भाजपा बढ़ती महंगाई व अपनी
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का मानना है कि भाजपा को आगे बढ़ाने में सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव की अहम भूमिका है। बिना मुलायम सिंह यादव के सहयोग के भाजपा इतना आगे नहीं बढ़ सकती। बेनी प्रसाद वर्मा ने कांठ के उपद्रव के लिए भाजपा को ही जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि ऐसा कर भाजपा बढ़ती महंगाई व अपनी अन्य विफलताओं से जनता का ध्यान हटाना चाहती है।
बेनी प्रसाद वर्मा ने कल लखनऊ में कहा कि भाजपा को बढ़ाने में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का हाथ रहा है। अगर वह सांप्रदायिकता से संघर्ष में उनका सहयोग चाहते हैं तो वह इसके लिए तैयार हैं। सहयोग किस रूप में होगा यह सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव को ही तय करना होगा। इसके बाद बेनी बाबू के निशाने पर भाजपा थी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। भाजपा ही मुरादाबाद के कांठ में बवाल करा रही है। जिससे संसद के बजट सत्र में जनता का ध्यान बढ़ती महंगाई की ओर न आकृष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास न तो कोई विजन है और न ही देश के विकास की कोई योजना। इस कारण से मोदी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। सरकार का बहुत बुरा हाल है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं पर इनका कोई मतलब नहीं है।
राहुल पढ़े लिखे नेता है और आगे चलकर वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बारे में कहा कि इसपर मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राहुल गांधी की लीडरशिप पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन मैं ऐसा नहीं मानता। बेनी प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी एक कुशल तथा जानकार नेता है। हार की जिम्मेदारी सभी को लेनी होगी।
उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि शीघ्र ही वे राहुल गांधी से मुलाकात कर भाजपा के खिलाफ संघर्ष की रणनीति पर चर्चा करेंगे।