मधुमक्खी काटने से तीन बच्चों की मौत
तुपुदाना के हजाम गांव के तीन बच्चों सुप्रिया (6), रोशन (2) के अलावा एक और बच्चे की मौत शनिवार को मधुमक्खियों के काटने से हो गई। मधुमक्खियों के हमले में एक दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। छह घायलों का इलाज सतरंगी के संत विसेंट अस्पताल में चल रहा है।
तुपुदाना (जागरण संवाददाता)। तुपुदाना के हजाम गांव के तीन बच्चों सुप्रिया (6), रोशन (2) के अलावा एक और बच्चे की मौत शनिवार को मधुमक्खियों के काटने से हो गई। मधुमक्खियों के हमले में एक दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। छह घायलों का इलाज सतरंगी के संत विसेंट अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हजाम गांव के दर्जनों ग्रामीण (महिला-पुरुष) सुबह जंगल में लकड़ी लेने गए थे। फगनी देवी अपने दो साल के बेटे रोशन को पीठ पर बांध कर ले गई थी। बच्ची सुप्रिया भी अपने पिता आनंद लोहरा के साथ गई थी। जंगल में लकड़ी काटने के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। ग्रामीण बुरी तरह घिर गए। मधुमक्खियों ने सबको खूब काटा। दोपहर बाद घायल अवस्था में ग्रामीण वापस गांव लौटे। परिजन हल्दी आदि लगाकर घायलों को इलाज के लिए संत विसेंट अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान सुप्रिया और रोशन की मौत हो गई। जबकि घायल फगनी देवी, बिरसा लोहरा, करमी देवी, बुधनी देवी, प्रिया कुमारी और चांदनी देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायल ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।