मनोज सिन्हा ने दिया तीन साल का ब्यौरा, कहा- अब कॉल ड्राप मुद्दा नहीं रहा
केंद्रीय संचार मंत्री ने प्रेस वार्ता में अपने मंत्रालय की उपलब्धियों की चर्चा की और बताया कि कॉल ड्रॉप की मुश्किलों को हल कर दिया गया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने गुरुवार को अपने मंत्रालय की उपलब्धियों को लेकर एक प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने बताया कि भारत संचार निगम लिमिटेड की कुल बाजार साझेदारी पिछले वर्ष 8.16 थी, जो कि बढ़कर 9.95 फीसदी हो गयी है।
नहीं रहा कॉल ड्रॉप का मुद्दा
मनोज सिन्हा के अनुसार, अब कॉल ड्रॉप का मुद्दा नहीं है। हालांकि उन्होंने लगातार मॉनिटरिंग की जरुरत बतायी। उनके अनुसार, एक साल से भी कम समय में ढ़ाई लाख डीटीएस लगाए गए। पिछले दिनों इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम की स्थापना मंत्रालय ने की जिसके तहत 16 लाख लोगों को कॉल किया गया। जिसके जरिए मौजूद समस्या के बारे में जानकारी मिली। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर (टीएसपी) द्वारा नियुक्त किए गए जो नोडल ऑफिसर इस समस्या को सुलझा रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि ट्राई और मंत्रालय दोनों मिलकर लगातार टीएसपी के संपर्क में है।
ट्वीटर सेवा की हुई शुरुआत
दो अगस्त 2016 को ट्वीटर सेवा शुरु की गयी, जो सक्रिय ढ़ंग से काम कर रही है। एमटीएनएल ने एक स्पेशल प्रोग्राम लांच कर फाइबर लेंथ को दिल्ली और मुंबई में बढ़ाने का कार्य किया है और कॉपर लेंथ को कम किया है, जिससे कि इंटरनेट सुविधा अच्छी हुयी। सांसदों के आवास पर एमटीएनएल ने नेटवर्क लगाने का कार्य पूरा किया है, साथ ही ऐतिहासिक स्थलो पर भी इंटरनेट उपलब्ध कराया जा रहा है। मुंबई में यातायात पुलिस के लिए एमटीएनएल कार्यरत है।
स्पेक्ट्रम नीलामी संपन्न
दिल्ली और मुंबई में रात 10 बजे सुबह 7 बजे तक लोकल कॉल दरों पर सुविधा प्रदान की गयी है। सिन्हा ने आगे बताया कि उनकी सरकार ने पारदर्शी तरीके से स्पेक्ट्रम नीलामी संपन्न कराया। उन्होंने ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने का लक्ष्य रखा। उनकी ओर से जानकारी दी गयी कि 100 करोड़ की लागत से 5000 वाई-फाई चौपाल स्थापित किये जाएंगे।