सुषमा स्वराज ने कहा, सऊदी में बंधक 29 भारतीय छुड़ाए गए
कंपनी ने इन लोगों को पिछले कई महीनों से बंधक बना रखा था। उन्हें भोजन व अन्य मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दी जा रही थीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र : विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को बताया कि सऊदी अरब की एक कंपनी में बंधक बनाए गए 29 भारतीय कामगारों को छुड़ा लिया गया है। विमान से भारत लौटने के लिए उनके टिकट की व्यवस्था भी की जा रही है।
तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने इन कामगारों की मदद के लिए सुषमा से गुहार लगाई थी। छुड़ाए गए सभी कामगार तेलंगाना के ही रहने वाले हैं। कंपनी ने इन लोगों को पिछले कई महीनों से बंधक बना रखा था। उन्हें भोजन व अन्य मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दी जा रही थीं। यही नहीं, कंपनी ने घर जाने की इजाजत देने के लिए प्रत्येक से 50 हजार डालर (करीब 32 लाख रुपये) मांगे थे। विदेश मंत्री ने गुरुवार रात ट्वीट के जरिये इन लोगों को छुड़ाए जाने की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: विदेशी छात्रों पर हमले का मामला संसद में गूंजा, सरकार ने दी सफाई