Move to Jagran APP

गर्मी से तप रहे उत्तर भारत में राहत की फुहार

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। गर्मी से तप रहे उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को राहत की फुहारें पड़ीं। कई मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी चली। दिन भर की धूप की तपिश के बाद शाम को मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और शाम सुहानी हो गई।

By Edited By: Published: Thu, 06 Jun 2013 05:27 PM (IST)Updated: Thu, 06 Jun 2013 10:04 PM (IST)
गर्मी से तप रहे उत्तर भारत में राहत की फुहार

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। गर्मी से तप रहे उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को राहत की फुहारें पड़ीं। कई मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी चली। दिन भर की धूप की तपिश के बाद शाम को मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और शाम सुहानी हो गई।

loksabha election banner

राजधानी दिल्ली की सुबह चिपचिपाहट भरी गर्मी के साथ शुरू हुई। सूरज में तपिश इस कदर थी कि सुबह दफ्तर निकलने वालों को दोपहर सी गर्मी का एहसास हुआ। इसके बाद दिन भर लोग उमस से जूझते रहे। शाम पांच बजे के करीब पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में धूल भरी आंधी चली और दिल्ली व आसपास के इलाकों में बारिश भी हुई। महज कुछ मिनटों में यहां 14.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के मौसम में अचानक आई खराबी व कम दृश्यता के चलते 15 विमानों की लैंडिंग नहीं हो पाई। उन्हें जयपुर में उतारा गया। दर्जनों स्थानों पर जलभराव व पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। 10 जून के करीब दिल्ली व आसपास के इलाके में फिर बारिश की संभावना है।

पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी कई स्थानों पर हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली। यहां भी दिन भर लोग प्रचंड गर्मी से जूझे। राज्य में सबसे कम तापमान नारनौल में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के कई हिस्सों पर अंधी के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

चंडीगढ़ में लगभग 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि सबसे अधिक तापमान अमृतसर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में गर्मी से दो लोगों की मौत भी हो गई। उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। जबकि, पश्रि्वमी भाग में दिन भर की भीषण गर्मी के बाद शाम को आंधी से तापमान में कुछ कमी आई।

पर्वतीय राज्यों में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों देहरादून, कोटद्वार समेत कुछ स्थानों पर सुबह बौछारें पड़ने से कुछ सुकून मिला, लेकिन बाद में तेज धूप के चलते उमस ने परेशानी बढ़ाए रखी। उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम खुशनुमा हो गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान रुड़की में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार हिमाचल के उच्च पर्वतीय इलाकों केलंग, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर के साथ ही शिमला आदि में भी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर में भी कई स्थानों पर बारिश के बावजूद लोग चिपचिपाहट भरी गर्मी से परेशान रहे।

उप्र में बिजली गिरने से 12 की मौत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गुरुवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। 16 लोग झुलसे भी हैं। बिजली गिरने की घटनाएं बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा में हुई। बहराइच में भाई-बहन सहित आठ जबकि श्रावस्ती में चार लोगों पर बिजली मौत बनकर गिरी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.