Move to Jagran APP

पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम की पहली बर्फबारी

राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं के बीच हल्की बारिश से न्यूनतम तापमान नीचे की ओर रहा।

By Manoj YadavEdited By: Published: Sun, 14 Feb 2016 08:52 AM (IST)Updated: Sun, 14 Feb 2016 08:56 AM (IST)

नई दिल्ली। पहाड़ों की रानी मसूरी में शनिवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। उत्तराखंड के चारधाम और हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली। नतीजतन ठंड में वृद्धि महसूस की गई। राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

loksabha election banner

उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदली है। गढ़वाल मंडल में शनिवार को चारधाम समेत तमाम चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। चकराता में भी अच्छी-खासी बर्फबारी हुई। सूबे में अनेक स्थानों पर बौछारें पड़ीं। बर्फबारी-बारिश के चलते गढ़वाल क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री राजमार्ग हर्षिल से आगे भारी बर्फबारी के चलते बाधित हो गया है। उत्तरकाशी जिले में 10 संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, 45 से ज्यादा गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। जोरदार हिमपात के चलते चंबा-मसूरी मार्ग भी बंद हो गया।

देहरादून के चकराता क्षेत्र में मौसम के तीसरे हिमपात से पांच मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। भारी बर्फबारी व भूस्खलन से बंद हुए जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर फंसे वाहनों को निकालने के बाद शनिवार को यातायात पूरी तरह से बहाल हो गया। इस दौरान जम्मू व श्रीनगर दोनों जगहों से वाहनों को रवाना किया गया।

जवाहर सुरंग के निकट बर्फबारी के चलते हाईवे गुरुवार दोपहर को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए थे। दूसरी आरे समूची वादी में मौसम शुष्क रहा। लेकिन ठंड से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली।

राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं के बीच हल्की बारिश से न्यूनतम तापमान नीचे की ओर रहा। पालम में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि लोधीरोड में बहुत ही मामूली।

ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को राजधानी दिल्ली में मौसम साफ रह सकता है। धूप खिल सकती है।मंगलवार की रात से नए सिरे से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में फिर बदलाव आएगा। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पश्चिमी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान ऊपर चढ़ेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में फिर बारिश और बर्फबारी के आसार बन सकते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.