पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ायी मैदानी इलाकों की ठंड
पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से वहां का आम जनजीवन तो प्रभावित हुआ ही पर इसकी वजह से मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गयी है।
नई दिल्ली(जेएनएन)। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से दिल्ली एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली में आज के न्यूनतम में फिर गिरावट दर्ज की गयी। जो कि 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
धुंध, कोहरे की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली करीब 35 ट्रेनों के देरी से चलने की सूचना है। जबकि आठ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। धुंध और कोहरे की वजह से दिल्ली में सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिल्टी 1200 मीटर दर्ज की गयी। हालांकि तीन घंटों के भीतर दृश्यता में तेज गिरावट हुयी जो 600 से 100 मीटर रह गयी।
पढ़ें: हिमाचल: बर्फबारी का दौर फिर शुरू, कुल्लू-मनाली मार्ग बंद
मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ों पर जारी बर्फबारी की वजह से आम निवासियों का जीना मुहाल है। बर्फबारी की वजह से ज्यादातर पहाड़ी इलाकों के रास्ते बंद हैं। साथ ही बिजली और पानी की आपूर्ति न होने से संकट बढ़ गया है। घाटी में बर्फबारी की वजह से सोमवार को श्रीनगर-जम्मू हाईवे बंद रहा। जिसकी वजह से रास्ते में कई वाहन फंस गए। कटरा से वैष्णो देवी जाने का रास्ता भी बर्फबारी की वजह से कट गया। जिससे श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी मंदिर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी का कहर जारी है।
पढ़ें: कश्मीर घाटी में बर्फबारी के बाद बिछी सफेद चादर, देखें तस्वीरें
बीते 24 घंटों के दरम्यान हिमाचल का तापमान इस प्रकार रहा- केलांग- माइनस साढ़े सात डिग्री सेल्सियस, मनाली- माइनस चार डिग्री सेल्सियस, शिमला- प्वाइंट छह डिग्री सेल्सियस, भुंतर- एक डिग्री सेल्सियस।