70 लाख में नीलाम हुई टाइटेनिक जहाज की चाबी
प्रसिद्ध टाइटेनिक जहाज की एक चाबी 85 हजार पौंड में नीलाम की गयी है।
लंदन, प्रेट्र। टाइटेनिक जहाज की एक चाबी भारी भरकम 85 हजार पौंड (करीब 70 लाख रुपये) में नीलाम की गई है। यह जहाज साल 1912 में हादसे का शिकार हो गया था। इसी के लाइफ जैकेट लॉकर की यह चाबी थी। डेविजेस में हुई नीलामी में चाबी समेत टाइटेनिक से जुड़ी 200 से अधिक चीजें बेची गई।
नीलामीकर्ता एंड्रयू एल्डि्रज को चाबी के 50 हजार पौंड में बिकने की उम्मीद थी। यह चाबी सिडनी सेडुनरी के पास थी। उनकी भी टाइटेनिक हादसे में मौत हो गई थी। उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी कुर्बानी दे दी थी। 14 अप्रैल, 1912 को टाइटेनिक विशाल हिमखंड से टकराकर अटलांटिक महासागर में डूब गया था। इसमें 1500 यात्री और चालक दल के सदस्य मारे गए थे जबकि 710 बच गए थे।
पढ़ें- नासा ने बनाई योजना, शनि ग्रह के चंद्रमा टाइटन पर भेजेगा पनडुब्बी !
इस नीलामी में जहाज के चीफ आफिसर हेनरी विल्डे के पत्रों का संग्रह पांच हजार पौंड में बिका। टाइटेनिक से लिखे एक पत्र में उन्होंने संकेत दिया था कि उन्हें जहाज के बारे में गलत जानकारी दी गई थी।