मिस वर्ल्ड पर टिप्पणी कर घिरे शशि थरूर की 'माफी' पर NCW ने उठाए सवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने भाजपा को घेरने के लिए मानुषी की जीत को नोटबंदी से जोड़ दिया, जिसके चलते उनका विरोध शुरू हो गया।
नई दिल्ली, एजेंसी। मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब जीतने पर एक तरफ जहां मानुषी छिल्लर को पूरा देश बधाई दे रहा है, वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर उन पर टिप्पणी कर घिर गए हैं।
थरूर ने भाजपा को घेरने के लिए मानुषी की जीत को नोटबंदी से जोड़ दिया, जिसके चलते उनका विरोध शुरू हो गया। उनके इस ट्वीट को राष्ट्रीय महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग इसके लिए थरूर को नोटिस जारी करेगा। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि टिप्पणी हल्के-फुल्के मूड में की थी और उनका इरादा किसी को अपमानित करना नहीं था। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मानुषी को खिताब जीतने पर ट्वीट कर बधाई दी है।
इधर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की प्रभारी अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, मैं सोच रही थी कि उन्हें समन जारी करूं, लेकिन उन्होंने माफी मांग ली है। हालांकि उनकी माफी वास्तविक नहीं लग रही है। ऐसा लगता है कि वह माफी मांगने के बाद लोगों को कह रहे हैं कि 'चिल' रहिए, मुद्दे को ज्यादा तूल मत दीजिए। मैं उन्हें सलाह देती हूं कि देश के नागरिकों से उन्हें बेहतर ढंग से माफी मांगनी चाहिए।'
आगे उन्होंने कहा, 'देखिए, वह किसी लड़की को लेकर इतना नीचे जाकर कमेंट नहीं कर सकते। मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता है, जिससे राष्ट्र के नाम और प्रसिद्धि में वृद्धि हुई है। इसलिए मैं शशि थरूर को समन भेजने पर विचार कर रही थीं। हालांकि समन का मतलब यह नहीं है कि हम पुलिस में जाना चाहते हैं या उन्हें पकड़वाना करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि उन्हें यह पता होना चाहिए कि उन्होंने क्या गलत कहा है।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने रविवार को एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि नोटबंदी का फैसला गलत था। भाजपा को यह अहसास होना चाहिए कि भारतीय कैश दुनिया पर राज करता है, यहां तक कि हमारी 'छिल्लर' भी मिस वर्ल्ड बन गईं। इसके तुरंत बाद लोगों ने उनको घेरना शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि मानुषी का सरनेम 'छिल्लर' है, न कि 'चिल्लर।' दोनों शब्दों की वर्तनी और अर्थ दोनों में फर्क होता है।
हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि टिप्पणी हल्के-फुल्के मूड में की थी और उनका इरादा किसी को अपमानित करना नहीं था। उन्होंने खिताब जीतने के लिए मानुषी की तारीफ भी की। उल्लेखनीय है कि मानुषी ने चीन में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2017 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इससे पहले 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने इस खिताब को भारत के नाम किया था। हरियाणा की मानुषी छिल्लर मेडिकल छात्रा हैं।