झारखंड के गिरिडीह में सीरियल बम ब्लास्ट, मुठभेड़
विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल छोटी पारसनाथ पर्वत पर रविवार व सोमवार को 24 घंटे के अंतराल में पुलिस व नक्सलियों में दो बार मुठभेड़ हुई। नक्सलियों ने व्यापक क्षति पहुंचाने के लिए रविवार देर रात सीरियल बम ब्लास्ट भी किया।
पीरटांड़ (गिरिडीह)। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल छोटी पारसनाथ पर्वत पर रविवार व सोमवार को 24 घंटे के अंतराल में पुलिस व नक्सलियों में दो बार मुठभेड़ हुई। नक्सलियों ने व्यापक क्षति पहुंचाने के लिए रविवार देर रात सीरियल बम ब्लास्ट भी किया। ऑपरेशन के दौरान जवानों ने एक नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 95 डेटोनेटर, तार, नक्सली साहित्य, बम, कपड़े, खाना बनाने की सामग्री बरामद की। अभियान में डॉग स्कावयड को भी लगाया गया है।
पढ़ेंः मुजफ्फरपुर : सारण पुलिस ने दो नक्सलियो को दबोचा
सोमवार को राज्य के एडीजी अभियान एसएन प्रधान ने बताया कि दो बार मुठभेड़ हुई है। सीरियल बम ब्लास्ट में कोई नुकसान नहीं है, जबकि कई नक्सलियों को गोली लगी है। जंगल में खून के धब्बे देखे गए हैंं। नक्सली पहाड़ पर घिर चुके हैं। वे घायल साथियों को इलाज के लिए पहाड़ से निकलने के प्रयास में हैं, पर पुलिस की दबिश के कारण निकल नहीं पा रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद पुलिस के हौसले बुलंद हैं।
एएसपी अभियान कुणाल ने कहा कि रविवार रात से ही पुलिस पहाड़ पर कैंप कर रही थी। इसी दौरान नक्सली रास्ते में बम लगाते देखे गए। जब उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई तो वे दौड़ कर जंगल में छिप गए और फायङ्क्षरग शुरू कर दी। दूसरी बार मुठभेड़ सोमवार को हुई जिस समय नक्सली खाना बना रहे थे। जब उनपर पुलिस की नजर पड़ी तो सभी सामान छोड़कर भाग खड़े हुए। अभी पहाड़ पर अभियान जारी है। हजारों जवान डॉग स्क्वॉड के साथ जंगल में डटे हुए हैं।