सीट बंटवारे पर असंतोष जरूर पर नाराजगी नहींः चिराग पासवान
बिहार चुनाव के लिए राजग के घटक दलों के बीच हुआ सीट बंटवारा जीतनराम मांझी को तो रास आ गया लेकिन अब रामविलास पासवान के बेटे लोजपा नेता चिराग पासवान रूठ गए हैं। चिराग पासवान एनडीए में सीटों के बंटवारे से खुश नहीं है।
नई दिल्ली। बिहार चुनाव के लिए राजग के घटक दलों के बीच हुआ सीट बंटवारा जीतनराम मांझी को तो रास आ गया लेकिन अब रामविलास पासवान के बेटे लोजपा नेता चिराग पासवान रूठ गए हैं। चिराग पासवान ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी चुनावी रणनीति के बारे में बताया। साथ ही कहा कि बिहार चुनाव के लिए हुआ सीट बंटवारा तय फार्मूले के मुताबिक नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने कहा कि लोजपा के लिए सीट की संख्या मायने नहीं रखती। हम बीजेपी से अलग होने की सोच भी नहीं सकते। जीतन राम मांझी के बारे में उन्होंने कहा कि वे हमारे गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं।
इससे पहले भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान भी आज सुबह राम विलास पासवान से उनके आवास पर मिले। मुलाकात के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है.. सब ठीक है। उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है।
वहीं, चिराग पासवान सोमवार देर रात अमित शाह से उनके घर पर जाकर मिले थे। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली जिसमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार बीजेपी के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
चिराग पासवान सीट बंटवारे में उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा और जीतन राम मांझी की पार्टी हम को उनकी पार्टी से ज्यादा तव्वजो दिए जाने से नाराज हैं। लोजपा का कहना है कि वह एनडीए के पुरानी सहयोगी है, लेकिन सीट बंटवारे के दौरान नए सहयोगियों को ज्यादा तरजीह दी गई है। इतना ही नहीं बीजेपी ने सीट बंटवारे का जो फॉर्मूला बनाया गया था, उसको फॉलो नहीं किया गया।
लोजपा का कहना है कि बिहार चुनाव में एनडीए ने लोकसभा चुनावों के नतीजों के आधार पर सीट शेयरिंग करने का फैसला किया था। एक लोकसभा सीट पर छह विधानसभा की सीट पार्टी को देने की बात की गई थी।
सीट बंटवारे के बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी राजग
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जी जान से लगी राजग सीटों के बंटवारे के बाद अब उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई। इस क्रम में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज होगी। बैठक शाम 6.30 बजे बीजेपी मुख्यालय में शुरु होगी। इस बैठक के बाद उम्मीदवारों के नाम की पहली सूची भी आज जारी की जाएगी।
इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजग में तीन दिनों से अटका सीट बंटवारे का मुद्दा कल सुलझ गया। कुल 243 में से भाजपा 160 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि 83 सीटों पर सहयोगी दल भाग्य आजमाएंगे। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 40 सीटें मिलीं तो राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को 23 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 20 सीटें।
हम के कुछ उम्मीदवार (संभवत: चार-पांच) भाजपा के खाते से भी मैदान में उतरेंगे। हालांकि सहयोगी दलों का मन अभी भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुआ है और पसंदीदा सीटों को लेकर कुछ खींचतान बरकरार है। लेकिन भाजपा ने उनसे आश्वासन ले लिया है कि यह रार चुनावी मैदान में नहीं दिखेगी। हर दल के लिए सीटों का चुनाव मंगलवार को हो जाएगा। सोमवार को सहयोगी दलों ने अपनी पसंदीदा सीटों की लिस्ट भाजपा को सौंप दी।