तमिलनाडु में बारिश का कहर जारी, अब तक आठ की मौत
बस और रेल सेवाओं में देरी और लंबे जाम के कारण यात्रियों को लगातार परेशानी हो रही है। कुछ इलाकों में तो ट्रैफिक रेंग रहा था।
चेन्नई, प्रेट्र: तमिलनाडु की राजधानी और उसके अन्य तटीय इलाकों में बारिश का कहर जारी है। गत 27 अक्टूबर को सूबे में पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, एक अक्टूबर से चार नवंबर तक सामान्य से 93 फीसद अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बस और रेल सेवाओं में देरी और लंबे जाम के कारण यात्रियों को लगातार परेशानी हो रही है। कुछ इलाकों में तो ट्रैफिक रेंग रहा था। 31 अक्टूबर से बंद स्कूल और कॉलेज आज भी नहीं खुले। कुछ विश्वविद्यालयों ने परीक्षाएं टाल दीं। आज राज्यस्तरीय राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा होनी थी, लेकिन बारिश के कारण 18 नवंबर तक स्थगित कर दी गई। निगम के अधिकारी जिला कलेक्टरों (कांचीपुरम, तिरुवल्लूर) और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर राहत कार्य में जुटे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और ऊपरी चक्रवात का घुमाव होने के कारण अभी और बारिश होने की संभावना है। सूबे के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। चेन्नई में 62 सेमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 32 सेमी का ही है।
कमल हासन ने पुलिसकर्मियों के प्रयासों को सराहा
अभिनेता कमल हासन ने बारिश के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की है। उन्होंने अधिकारियों की एक तस्वीर साझा की। इसमें पुलिस अधिकारी खाने से भरी बाल्टी के साथ बाढ़ के पानी में चल रहे हैं। हासन ने ट्वीट किया, 'अपने कर्तव्य से अलग काम करने के लिए धन्यवाद। अच्छा नागरिक चाहे वर्दी में हो या बिना वर्दी के, वह चमकता है।'