राहुल गांधी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगाया धोखा देने का आरोप
राहुल ने कहा कि नीतीश कुमार को सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ जनादेश मिला था, लेकिन आज वो उन्हीं के साथ जाकर खड़े हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बिहार में महागठबंधन टूटने से कांग्रेस पार्टी को भी बड़ा धक्का लगा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें 3-4 महीने पहले ही भनक लग गई थी कि भारतीय जनता पार्टी और नीतीश कुमार के बीच ये खिचड़ी पक रही है। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता को धोखा दिया।
नीतीश कुमार ने भाजपा का दामन थाम एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राहुल गांधी ने इस पूरे मामले पर कहा, 'नीतीश कुमार कुछ समय पहले मुझसे मिले थे। बिहार में नीतीश कुमार और भाजपा के बीच ये खिचड़ी पिछले 3-4 महीने से पक रही थी, जिसकी भनक हमें लग गई थी। लेकिन नीतीश कुमार ने यह कदम उठाकर बिहार की जनता को बड़ा धोखा दिया है, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिये था।' गौरतलब है कि तेजस्वी यादव पर लगातार लग रहे आरोपों के बीच नीतीश ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
साथ ही राहुल ने कहा, 'नीतीश कुमार को सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ जनादेश मिला था, लेकिन आज वो उन्हीं के साथ जाकर खड़े हो गए हैं। स्वयं का स्वार्थ साधने के लिए नीतीश ने सभी नियमों को ताक पर रख दिया। भारतीय राजनीति की यही समस्या है। यहां कोई नियम नहीं है, कोई क्रेडिबिलिटी नहीं है, सत्ता के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाते हैं।'
नीतीश कुमार ने राहुल गांधी के आरोपों का सीधे-सीधे तो जवाब नहीं दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि उन्होंने जो कदम उठाया, वो बिहार की भलाई के लिए है। बिहार को वह तरक्की की राह पर ले जाएंगे। साथ ही कहा कि वह समय आने पर सभी को जवाब देंगे।
यह भी पढ़ें: भाजपा ने 4 महीने में किये ये 16 खुलासे और ढहा दिया महागठबंधन का किला