कांग्रेस तोड़ने की नहीं जोड़ने की राजनीति करती है: राहुल
मध्य प्रदेश के खंडवा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्र की यूपीए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने पेश किया। राहुल ने दावा किया कि सरकार ने 10 साल में 15 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया है। साथ ही उन्होंने विरोधी पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि हम भाईचारे की राजनीति करते हैं। हम लोगों को जोड़ते हैं तोड़ते नहीं।
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्र की यूपीए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने पेश किया। राहुल ने दावा किया कि सरकार ने 10 साल में 15 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया है। साथ ही उन्होंने विरोधी पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि हम भाईचारे की राजनीति करते हैं। हम लोगों को जोड़ते हैं तोड़ते नहीं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी तोड़ने की राजनीति करती है जबकि उनकी पार्टी लोगों को लोगों से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं आरंभ की। आज गरीबों को उनका हक मिल रहा है। लोगों को भोजन, रोजगार, शिक्षा आदि के अधिकार दिए गए हैं। गरीबों को रोजगार मिला और उन्हें पलायन नहीं करना पड़ा।
राहुल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हर प्रांत में लोगों को एक दूसरे से लड़ाने का काम ही किया है। हम न तो इस तरह की राजनीति में भरोसा करते हैं और न ही भारतीय जनता पार्टी की तरह ही भाषा का उपयोग करते हैं। इस सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि सभा को मेगा शो बनाने के लिए अरूण यादव की टीम ने पूरी ताकत झोंक दी थी वहीं, शुक्रवार को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी मंदसौर संसदीय क्षेत्र के नीमच में सभा को संबोधित करेंगी।