भाजपा एक व्यक्ति पर आधारित पार्टी: राहुल
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जन केंद्रित पार्टी है, जबकि इसके उलट भाजपा एक व्यक्ति पर आधारित दल है। यही वजह है कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष को प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं कहती है, जो देश की सारी समस्याओं का समाधान कर देगा। बुधवार को उन्होंने असम के सिलचर, मध्य प्रदेश के मुरैना और छत्तीसगढ़ के बालोद में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जन केंद्रित पार्टी है, जबकि इसके उलट भाजपा एक व्यक्ति पर आधारित दल है। यही वजह है कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष को प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं कहती है, जो देश की सारी समस्याओं का समाधान कर देगा। बुधवार को उन्होंने असम के सिलचर, मध्य प्रदेश के मुरैना और छत्तीसगढ़ के बालोद में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
असम में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा में राहुल ने कहा कि हमारे लिए राजनीति का मतलब जनता से है और शक्ति उसी केहाथों में होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि देश का एक ही चौकीदार क्यों होना चाहिए? हम जनता को देश का चौकीदार बनाना चाहते हैं। हिंदुस्तान की चाबी किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं, सबके हाथ में होनी चाहिए। लोकसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में तीसरी बार असम दौरे पर आए राहुल ने कहा कि भाजपा पूरे देश पर गुजरात मॉडल को थोपना चाहती है। असम को गुजरात मॉडल की आवश्यकता नहीं है। हमारे पास असम मॉडल है और हरेक राज्य का अपना विकास मॉडल होना चाहिए। गुजरात में हुए विकास की खिल्ली उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि वहां गरीब सपने नहीं देख सकते, वह सिर्फ अमीरों के लिए हैं। लेकिन कांग्रेस की नजर में आम आदमी को भी सपने देखने का अधिकार है। आधी आबादी के बारे में राहुल ने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं को सशक्त और सुरक्षा देने की बात करते हैं। लेकिन संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने में अड़ंगा डालते हैं।
मुरैना में राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर तीखे प्रहार किए। कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में यह प्रदेश वर्ल्ड चैंपियन है। यहां सरकार को माफिया चलाता हैं। भाजपा के गुजरात मॉडल के नेता भ्रष्टाचार मिटाने की बात करते हैं, लेकिन कर्नाटक में जाकर वे उन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री के गले में हाथ डालकर मिलते हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं। बालोद में भी उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को आड़े हाथों लिया।
लोकसभा चुनाव से संबंधित समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।