प्रेमिका ने 'धोखेबाज' प्रेमी के शादी के मंडप को कर दिया आग के हवाले
लड़की ने पुलिस को बताया कि लड़के से उसका अफेयर पिछले छह साल से चल रहा है। लड़के ने उसके साथ शादी करने का वादा किया था।
पुणे, जेएनएन। कहा जाता है कि प्यार और जंग में सब जायज है। शायद प्रेमी के शादी के मंडप में आग लगाने वाली प्रेमिका ने भी यही सोचा होगा। पुणे के कटराज में बुधवार को 36 साल की एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के शादी के मंडप में आग लगा दी, जो उसे धोखा देकर किसी दूसरी लड़की से सात फेरे लेने की तैयारी कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मंडप में आग लगाने से पहले रविवार को महिला ने प्रेमी के टू-व्हीलर को भी आग के हवाले कर दिया। महिला का कहना है कि यह टू-व्हीलर उसी ने प्रेमी को उपहार में दिया था। पुलिस ने बताया कि एक 33 वर्षीय शख्स ने रविवार को एफआइआर दर्ज कराई थी कि किसी ने उनके टू-व्हीलर में आग लगा दी। इस मामले की जांच पुलिस कर ही रही थी कि बुधवार को यह शख्स फिर एक नई एफआइआर दर्ज कराने के लिए पहुंच गया।
मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर विजयसिंह गायकवाड़ ने बताया, 'हम टू-व्हीलर के जलाए जाने की घटना की जांच कर ही रहे थे कि वही शख्स फिर एक एफआइआर दर्ज कराने आ गया। इस शख्स ने बताया कि किसी ने उनकी शादी से एक दिन पहले मंडप में आग लगा दी, जिसमें उनका काफी नुकसान हुआ है।'
पुलिस को जांच में पता चला कि टू-व्हीलर और शादी के पंडाल में आग पुरुष की प्रेमिका ने लगाई थी। आरोपी महिला को पुलिस ने दत्तानगर से गुरुवार को गिरफ्तार कर दिया। महिला ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। महिला ने बताया कि प्यार में धोखा दिए जाने के कारण उसने ऐसा किया। अब आरोपी महिला को 20 मई तक के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि लड़के से उसका अफेयर पिछले छह साल से चल रहा है। लड़के ने उसके साथ शादी करने का वादा किया था। लेकिन पिछले दिनों वह किसी दूसरी लड़की से शादी करने के लिए तैयार हो गया। शादी की तारीख भी तय हो गई और मंडप भी लग गया। लड़की ने बताया कि उसने वधू पक्ष को भी लड़के से अफेयर होने की बात बताई, लेकिन वे इस शादी को तोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए। ऐसे में उसे कुछ समझ में नहीं आया, तो उसने पहले टू-व्हीलर और फिर शादी के मंडप में ही आग लगा दी।
इसे भी पढ़ें: आरोपी ने कहा- हजारों महिलाओं से संबंध हैं तो क्या सबसे शादी कर लूं?