पुणे सुपर जाइंट्स की कप्तानी से हटाए गए धौनी, अब ये होंगे टीम के नए कप्तान
पुणे राइजिंग सुपर जाइंट्स की टीम ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को कप्तानी से हटा दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आइपीएल के लिए खिलाड़ियों की बोली लगने वाली है। लेकिन इससे पहले ही भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए एक बुरी खबर आ गई है। खबरों के मुताबिक राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स की टीम ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को कप्तानी से हटा दिया है। धौनी की जगह अब इस टीम की कमान ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ को सौंपी गई है।
महेंद्र सिंह धौनी ने पिछले सीज़न की नई नवेली टीम राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स की कप्तानी की थी। लेकिन तब उनकी टीम ने 14 में से सिर्फ 5 मैच में जीत दर्ज़ की थी। हालांकि आइपीएल में धौनी का रिकॉर्ड बेहद शानदार है। चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए उन्होंने 2 बार उसे इस टूर्नामेंट का विजेता बनाया था।
आपको बता दे कि धौनी ने इस साल की शुरूआत में ही टीम इंडिया की वनडे और टी-20 की कप्तानी छोड़ दी थी। लेकिन राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के मैनेजमेंट ने उन्हें हटाया है ना कि धौनी का ये खुद का फैसला है।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
स्टीव स्मिथ इससे पहले आइपीएल में पुणे वॉरियर्स इंडिया और कुछ मैचों में राजस्थान रॉयल्स की टीम की कमान भी संभाल चुके हैं।