पुणे बिजनेसमैन की हत्या को लेकर शिवसेना ने महाराष्ट्र सरकार को घेरा
देवेंद्र फडणवीस ने हाल में जोर देते हुए कहा था महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी अच्छी है। मगर पुणे में एक बिजनेसमैन की हत्या से उनके दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
मुंबई, पीटीआई। महाराष्ट्र सरकार एक बार फिर शिवसेना के निशाने पर है और मामला पुणे में एक बिजनेसमैन की हत्या से जुड़ा हुआ है। शिवसेना ने मंगलवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना सरकार के लिए खतरे की घंटी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के दावों पर कटाक्ष करते हुए पार्टी ने कहा कि भाजपा ने उद्योगपतियों और कारोबारियों के दम पर केंद्र और महाराष्ट्र में जीत हासिल की थी, मगर अब उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है।
बेटे के सामने गोली मारकर कर दी गई हत्या
शिवसेना का यह बयान 56 वर्षीय रियल स्टेट बिजनेसमैन देवेन शाह की हत्या के बाद सामने आया है। शनिवार देर रात दो अज्ञात व्यक्तियाें ने पुणे स्थित उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त उनका बेटा भी उनके साथ था। मगर सिर्फ उन्हें ही निशाना बनाया गया। फिलहाल पुलिस हत्या का केस दर्ज कर हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
महाराष्ट्र सरकार के लिए बताया खतरे की घंटी
अपने मुखपत्र 'सामना' के एक संपादकीय में शिवसेना ने लिखा है कि पुणे में खुलेआम हत्यारे घूम रहे हैं। अगर उन्हें समय पर पकड़ा नहीं गया तो जो शहर अपने सांस्कृतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है उसकी छवि खराब हो जाएगी। सरकार को देवेन शाह की हत्या को खतरे की घंटे समझना चाहिए। उद्योगपतियों और कारोबारियों ने भाजपा को केंद्र और महाराष्ट्र में सत्ता पर काबिज किया था। मगर वहीं हैं जिनकी हत्याएं हो रही हैं। इससे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस दावे पर सवाल उठते हैं कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था अच्छी है।
देवेंद्र फडणवीस के दावे पर उठे सवाल
फडणवीस ने हाल में जोर देते हुए कहा था महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी अच्छी है। जबकि इस महीने की शुरुआत में ही कई आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जो उनके दावे की पोल खोलती हैं। शिवसेना ने भी इस ओर उनका ध्यान दिलाने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: 'लापता' होने वाले प्रवीण तोगड़िया आए सामने, रोते हुए बताई आपबीती