पुलिस ने कहा, पहले रेप की मेडिकल रिपोर्ट लाओ, फिर दर्ज करेंगे FIR
पुलिस की एक शर्मनाक हरकत के कारण उसकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। घटना भागलपुर के कजरैली चौक की है, जहां एक महिला से दो युवकों ने गैंग रेप किया। पीडि़ता जब थाना गई तो उसे भगा दिया गया।
भागलपुर। पुलिस की एक शर्मनाक हरकत के कारण उसकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। घटना भागलपुर के कजरैली चौक की है, जहां एक महिला से दो युवकों ने गैंग रेप किया। पीडि़ता जब घटना की रात ही कजरैली थाना गई तो उसे कहा गया कि वह पहले मेडिकल रिपोर्ट लाए, तब एफआइआर होगी।
इतना ही नहीं, आरोप है कि थाने के ड्यूटी पदाधिकारी ने उसका मजाक उड़ाया। इसके बाद ड्यूटी पदाधिकारी ने महिला को थाने से भगा दिया।
घटना शुक्रवार के रात की है। एक 35 वर्षीय महिला अकेली भागलपुर से इलाज करा कर अपने घर धौनी (रजौन) लौट रही थी। इसी दौरान जब वह खलीफाबाग चौक पहुंची, तो एक स्कार्पियो से दो युवक उतरे और उसे जबर्दस्ती उठाकर कजरैली ले गए। सुनसान जगह पर उसके साथ दोनों ने गाग रेप कर छोड़ दिया। महिला किसी तरह पुलिस थाने पहुंची तो उसका मजाक उड़ाते हुए उसे भगा दिया।
इसके बाद भी पीडि़त महिला रातभर थाने के गेट के पास बैठी रही। सुबह वह फिर थाने गई और केस दर्ज करने की आरजू-मिन्नत करने लगी। लेकिन, कजरैली पुलिस ने उसकी फरियाद नहीं सुनी। अंतत: वह डीआइजी से मिलने पहुंची तब उन्होंने एसएसपी को केस दर्ज कर महिला का मेडिकल कराने का निर्देश दिया। डीआइजी ने कहा कि एफआइआर दर्ज नहीं करने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई भी की जाएगी।