पंजाब कांग्रेस भवन में पुलिस ने बरसाईं लाठियां
पंजाब के मुख्यमंत्री आवास घेरने के लिए जुटे कांग्रेसियों पर पंजाब कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। किसानों को फसल का भुगतान नहीं होने के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री आवास घेरने के लिए जुटे कांग्रेसियों पर पंजाब कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। पुलिस ने लाठियां तब बरसाई जब वह कांग्रेसियों को तितर-बितर कर चुकी थी। कांग्रेस भवन के इंचार्ज कैप्टन संदीप संधू ने कहा कि कई कांग्रेसियों को चोटें आई। उन्होंने मीडिया को कांग्रेस भवन में खून के धब्बे भी दिखाए। पुलिस ने मौके से 68 कांग्रेसियों को हिरासत में भी लिया था, जिन्हें एसडीएम के समक्ष पेश करने के बाद रिहा कर दिया गया।
दोपहर एक बजे के करीब किसान-मजदूर सेल के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह जीरा और नेता प्रतिपक्ष चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में कांग्रेसी सीएम आवास का घेराव करने निकले ही थे कि पुलिस ने पानी की बौछार कर कांग्रेसियों को तितर-बितर कर दिया और उन्हें गिरफ्तार कर साथ ले गए।
प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग हरदीप सिंह बेहोश हो गए थे। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लाठी लगने से बुजुर्ग की हालत बिगड़ी। इसी बात पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच बहस होने लगी। इसी दौरान पुलिस ने अचानक लाठी बरसानी शुरू कर दी। मौके पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भाग खड़े हुए।