भगोड़े कुमार पिल्लई को लाया गया मुंबई, LTTE के लिए करता था काम
मुंबई में अमर नाईक गिरोह के मुखिया रहे कुमार पिल्लई पर हत्या और जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं। पिल्लई की गिरफ्तारी का पुलिस बड़ी कामयाबी बता रही है।
मुंबई(एएनआई)। भगोड़े गैंगस्टर कुमार पिल्लई को बीती रात मुंबई लाया गया। कुमार पिल्लई को फरवरी में सिंगापुर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। इंटरपोल द्वारा पिल्लई के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किए जाने के बाद उसे सिंगापुर में हिरासत में लिया गया था।
लिट्टे से नाता
मुंबई में अमर नाईक गिरोह का कर्ताधर्ता रहा कुमार पिल्लई पर हत्या और जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं। हालांकि उसके श्रीलंका के आतंकी संगठन लिट्टे (एलटीटीई) से नजदीकी रिश्ते भी रहे हैं। बताया जाता है कि कुमार पिल्लई लिट्टे को विदेश से हथियार, गोला-बारूद मुहैया कराता था। बदले में लिट्टे से उसे ड्रग्स का कारोबार फैलाने में मदद करता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुमार पिल्लई इंजीनियरिंग पास है । अपने तस्कर पिता की हत्या का बदला लेने के ईरादे से वो अमर नाईक गिरोह में शामिल हुआ था। बताया जाता है कि कुमार पिल्लई के पिता की हत्या अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने करवाई थी।
वह देश से फरार होने के बाद कई सालों से सिंगापुर में रह रहा था। वहां दिखावे के लिए उसने इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार जमा रखा था। उसी की आड़ में वह अपना काला कारोबार करता था। वर्ष 1990 में मुंबई से फरार होने से पहले पिल्लै को केवल एक बार गिरफ्तार किया गया था और बाद में वह जमानत पर छूट गया था।