नक्सली हमले में पुलिस कमांडो शहीद, पांच घायल
पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार को नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक पुलिस कमांडो शहीद हो गया। पांच जवान जख्मी हैं। राज्य के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित जिले में यह घटना लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के एक दिन बाद घटी।
नागपुर। पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार को नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक पुलिस कमांडो शहीद हो गया। पांच जवान जख्मी हैं। राज्य के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित जिले में यह घटना लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के एक दिन बाद घटी। गढ़चिरौली जिले में गुरुवार को लोगों ने नक्सलियों की धमकी को धता बताते हुए जमकर मतदान (65 फीसद) किया था।
महाराष्ट्र पुलिस के सी-60 कमांडो दल के जवानों पर यह हमला जिले के सिरोंचा तालुका के अंतर्गत आने वाले आसागांव और टोंडलफाटा गांव के बीच हुआ। नक्सलियों के एक दल ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की। शहीद कमांडो की पहचान गिरिधर नागो अतराम के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने अतराम के परिवार को तत्काल 20 लाख रुपये की राहत राशि का चेक प्रदान किया है। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से नागपुर अस्पताल भेजा गया। राज्य के कई बड़े अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा कर घायलों का हालचाल लिया।