सौर मंडल में मौजूद नौवां ग्रह हो सकता है 'सुपर अर्थ'
नासा के ग्रह विज्ञान विभाग के निदेशक जिम ग्रीन के अनुसार हमने केवल अपने सीमित अवलोकन से नौवें ग्रह का अनुमान लगाया है।
वॉशिंगटन, एजेंसी। पृथ्वी के वजन से 10 गुना अधिक भारी और सूर्य से वरण (नैप्च्यून) ग्रह के बीच की दूरी से बीस गुना अधिक दूर सौर मंडल में नौवां ग्रह मौजूद है। नासा के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह ग्रह सौर मंडल का खोया हुआ 'सुपर अर्थ' हो सकता है।
कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट के ग्रह वैज्ञानिक कांस्टेंटिन बाटीजिन ने कहा कि नौवें ग्रह की उपस्थिति को लेकर मिले अब तक के संकेत अप्रत्यक्ष हैं, लेकिन हमारे अनुमान को और अधिक मजबूत बनाते हैं। हमारे अवलोकन के पांच मानक हैं। अगर हम इन्हें नजरअंदाज करते हैं तो गुत्थी सुलझाने की जगह और उलझा लेंगे।
वैज्ञानिकों को कुइपर बेल्ट (वरण ग्रह से तारों के बीच की जगह) में छह पिंड भी मिले हैं, जिनके अंडाकार कक्ष एक ही दिशा में हैं। ये सभी कक्ष भी सूर्य की परिक्रमा करने वाले ग्रहों की तरह 30 डिग्री तक झुके हुए हैं। खोज में यह भी सामने आया कि पिछले 4.5 खरब वर्षों में संभवत: नौवें ग्रह ने ही सौर मंडल के ग्रहों को झुकाया हो।
नासा के ग्रह विज्ञान विभाग के निदेशक जिम ग्रीन के अनुसार हमने केवल अपने सीमित अवलोकन से नौवें ग्रह का अनुमान लगाया है। यह एक प्रक्रिया की शुरुआत है, जिसके काफी रोमांचक परिणाम आ सकते हैं। इस शोध को एस्ट्रोनॉमिकल जर्नल में प्रकाशित किया गया है।
यह भी पढ़ें: NASA के इस अहम प्रोजेक्ट के लिए तेलंगाना के पांच इंजीनियरिंग छात्रों का चयन