आईसीयू में मरीज ने पी बीड़ी, लगी आग
एमवाय अस्पताल के आईसीयू में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। ऑक्सीजन पर चल रहा एक मरीज बीड़ी पीने लगा। चिंगारी ऑक्सीजन की नलियों पर गिरी और आग लग गई। दूसरे मरीज और उनके अटेंडर वार्ड छोड़कर बाहर भागने लगे। कुछ लोगों ने जैसे-तैसे ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर आग बुझाई।
इंदौर। एमवाय अस्पताल के आईसीयू में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। ऑक्सीजन पर चल रहा एक मरीज बीड़ी पीने लगा। चिंगारी ऑक्सीजन की नलियों पर गिरी और आग लग गई। दूसरे मरीज और उनके अटेंडर वार्ड छोड़कर बाहर भागने लगे। कुछ लोगों ने जैसे-तैसे ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर आग बुझाई। हादसे में मरीज झुलस गया। प्रबंधन जिम्मेदारों पर कार्रवाई के बजाय मामले को दबाने में लगा है।
22 मार्च को सुदामा नगर निवासी राधेश्याम (50) को भर्ती किया गया था। उसे टीबी है। दो दिन पहले उसके शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे पांचवीं मंजिल स्थित आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। यहां उसे ऑक्सीजन पर रखा गया।
तड़के करीब 4 बजे वह बीड़ी पीने लगा। अचानक उसकी चिंगारी ऑक्सीजन की नलियों पर गिरी और आग लग गई। घटनाक्रम से राधेश्याम घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
वार्ड में मच गई अफरा-तफरी
आईसीयू में आग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। वहां भर्ती दूसरे मरीज भी घबराहट में बाहर की ओर भागने लगे। आईसीयू का चैनल गेट बंद होने से कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी। मरीजों ने बताया कि मौके पर कोई सीनियर डॉक्टर नहीं पहुंचा था। नर्सिंग स्टाफ भी वहां नहीं था।
मरीज की गलती थी
राधेश्याम को ऑक्सीजन पर रखा गया था। वह बीड़ी पीने लगा। चिंगारी बिस्तर पर गिरी और आग लग गई। गलती मरीज की है।
- डॉ. सुनील नारंग, इंचार्ज, सीएमओ
ऑक्सीजन सप्लाई में गड़बड़ी नहीं
हमारी ऑक्सीजन सप्लाई में गड़बड़ी नहीं है। ऐसा होता तो दूसरे मरीजों को भी दिक्कत होती। मरीज के बीड़ी पीने से आग लगी। वह सिर्फ एक प्रतिशत झुलसा है। उसे जान का कोई खतरा नहीं है।
- डॉ. एडी भटनागर, अधीक्षक, एमवायएच
बीड़ी पीने लगा था
घटना के वक्त मेरी आंख लग गई थी। संभवतः राधेश्याम बीड़ी पीने लगा, जिससे आग लगी। वह झुलसा भी है।
- बंसीलाल, राधेश्याम का भाई
झुलसते सवाल
-आईसीयू में भर्ती मरीज बीड़ी पी रहा था। स्टाफ कहां था?
-अस्पताल प्रबंधन ने आईसीयू में लगे सीसीटीवी के फुटेज जांचने की कोशिश क्यों नहीं की?
-मौके से गैरहाजिर डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
यह भी पढ़ें- आईसीयू से बाहर आए राज्यपाल