हैदराबाद को मिली मेट्रो की सौगात, पहले ही दिन 2 लाख लोगों ने किया सफर
हैदराबाद मेट्रो के पहले ही दिन 2 लाख से अधिक यात्रियों का मेट्रो में सफर करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
हैदराबाद (प्रेट्र)। हैदराबाद की जनता मेट्रो रेल की सौगात मिलने से काफी खुश हैं। यहां आज मेट्रो की शुरुआत के पहले दिन ही 2 लाख से ज्यादा यात्रियों ने इसमें सफर किया। हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एन वी एस रेड्डी ने कहा, पहले ही दिन 2 लाख से अधिक यात्रियों का मेट्रो में सफर करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यह हमारे उम्मीद से बढ़कर है। बता दें कि हैदराबाद में प्राइवेट-पब्लिक पार्टनरशिप से शुरु किया गया मेट्रो प्रोजक्ट दुनिया का सबसे बड़ा ऐसा प्रोजक्ट है। मंगलवार को शुरु हुए 72 किमी के इस परियोजना के पहले चरण में 24 स्टेशनों के साथ 30 किमी का पहला चरण पूरा हुआ।
रेड्डी ने बताया कि "80 फीसदी लोगों ने अपने काम के सिलसिले में मेट्रो से यात्रा की। वहीं बाकी ने मेट्रो की यात्रा का आनंद उठाने के लिए सफर किया। उम्मीद है कि एक महीने के बाद से 1.5 लाख यात्री रोजाना मेट्रो का सफर करेंगे।" उन्होंने कहा कि कंपनी "पार्किंग एरिया का भी निर्माण करेगी। मेट्रो रेल का परिचालन सुबह के 6 बजे से रात के 10 बजे तक होगा। इसका किराया भी दिल्ली की तर्ज पर (2 किमी दूरी का 10 रुपए और 26 किमी से अधिक की दूरी का 60 रुपए) होगा।"
तेलंगाना के नगर निगम और शहरी विकास मंत्री एन टी रामा राव ने अधिकारियों और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने को कहा है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि मियापुर से नागोले के बीच 546 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गए हैं।
यह भी पढ़ें : GES 2017: इवांका ट्रंप बोलीं- पुरुषों को भी जेंडर गैप खत्म करने में देना होगा योगदान