राजग सरकार में मोदी ही बनेंगे पीएम: राजनाथ सिंह
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा चुनाव के बाद राजग की सरकार बनने पर किसी भी परिस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही होंगे। राजनाथ ने राजग को 300 से ज्यादा सीटें मिलने का भरोसा भी जताया।
मुंबई [राज्य ब्यूरो]। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा चुनाव के बाद राजग की सरकार बनने पर किसी भी परिस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही होंगे। राजनाथ ने राजग को 300 से ज्यादा सीटें मिलने का भरोसा भी जताया।
मोदी के नेतृत्व पर राजग के घटक दलों का पूर्ण भरोसा बताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, अटलजी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में 24 दल शामिल थे, जबकि मोदी के नेतृत्व में घटक दलों की संख्या 25 हो चुकी है। चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र आए राजनाथ से गुरुवार को यहां एक संवादताता सम्मेलन में जब यह पूछा गया कि यदि राजग के घटक दल मोदी के बजाय आपको प्रधानमंत्री बनाना चाहें तो क्या आप प्रधानमंत्री बनेंगे, उन्होंने कहा, 'हर परिस्थिति में मोदी ही प्रधानमंत्री होंगे। हम मोदी को पीएम उम्मीदवार घोषित कर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए राजग सरकार में प्रशासन चलाने का नैतिक अधिकार उन्हें ही होगा। भाजपा की इस भावना पर राजग के किसी घटक दल को कोई एतराज नहीं है।'
भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति के आरोपों को गलत करार देते हुए उन्होंने कहा, विभाजनकारी राजनीति कांग्रेस करती आई है। इसी तरह की राजनीति करते हुए उसने देश का बंटवारा करवा दिया। भाजपा के संघ के रिमोट कंट्रोल से संचालित होने के कांग्रेस के आरोप के जवाब में राजनाथ ने चुटकी ली कि रिमोट कंट्रोल से कौन चलता है, यह संजय बारू की हाल में आई किताब पढ़कर समझा जा सकता है।