कर्नाटक : प्लास्टिक चावल के बाद अब प्लास्टिक चीनी की अफवाह से जनाक्रोश
हैदराबाद और हल्द्वानी से प्लास्टिक के चावल बेचे जाने की शिकायत के बाद अब कर्नाटक से प्लास्टिक की चीनी बेचे जानेें की खबरें आईं है।
बंगलुरू (एएनआई)। आंध्रप्रदेश के हैदराबाद में प्लास्टिक के चावल बेचे जाने की अफवाह अभी थमी भी नहीं कि अब कर्नाटक में प्लास्टिक की चीनी बेचे जाने की अफवाह गर्म है। बताया जा रहा है कि बंगलुरू के बाजारों में प्लास्टिक की चीनी बेची जा रही है। सोशल मीडिया के द्वारा ये खबर आग की तरह लोगों के बीच फैलाई जा रही है जिससे लोगों के बीच जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। वैसे लोग जो रोजाना अपनी जरुरत के सामान खरीद कर अपना जीवन यापन करते हैं, वे अब इस खबर के बाद अपने सामानों की खरीदारी में काफी सावधानी बरत रहे हैं।
मालूम हो कि कई लोगों ने बाजारों में प्लास्टिक के चावल बेचे जाने की शिकायत की है। हैदराबाद और हल्द्वानी से ऐसी शिकायतें मिल चुकी हैं। हल्द्वानी में ये मामला तब प्रकाश में आया जब कुछ बच्चों का एक वीडियो सामने आया जिसमें वे प्लास्टिक के चावलों से बने बॉल से खेल रहे थे। इसके अलावा कुछ महीनों पहले ही कोलकाता में कृत्रिम अंडे बेचे जाने की भी शिकायतें आई थीं। महिला ने जब उसे तोड़ा तो उसे पता चला कि वे नकली अंडे हैं।