पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, 30 लोगों की मौत
समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और धंुध पड़ रही है। कई स्थानों पर शनिवार को सारे दिन सूरज नहीं दिखा।धुंध के कारण उत्तर भारत में सौ से ज्यादा ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चल रही हैं।
जेएनएन, नई दिल्ली । समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और धंुध पड़ रही है। कई स्थानों पर शनिवार को सारे दिन सूरज नहीं दिखा। ठंड और धुंध का प्रभाव लोगों की सामान्य दिनचर्या पर भी पड़ा है। धुंध के कारण उत्तर भारत में सौ से ज्यादा ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चल रही हैं। इनमें से कई ट्रेनें रद कर दी गई है। दृश्यता कम होने के कारण कई उड़ाने रद की गई। पंजाब से करीब एक दर्जन उड़नों को रद कर दिया गया है। घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो गई है। पंजाब के बठिंडा में धुंध के कारण एक अल्टो कार ट्रक से टकराई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। अमृतसर में कड़ाके की ठंड के कारण दो लोगों की मौत भी हो गई है। इनमें एक पहचान रिक्शा चालक दया शंकर के रूप में हुई व दूसरे की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं कुरुक्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई। इनमें से एक भाजपा का मंडल प्रधान था। झारखंड के विश्रामपुर अंचल में पड़ रही कड़ाके की ठंड से एक ही रात में दो विद्यार्थियों की मौत हो गई।
लगातार दो दिन से उत्तर प्रदेश में पड़ रही हाड़ कंपा देने वाले सर्दी से लोग बेहाल हैं। यहां ठंड की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कोहरे के चलते हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। शनिवार को कानपुर में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। अनेक शहरों में प्रशासन ने स्कूलों को बंद कर दिया है।
उधर उत्तराखंड में एक व्यक्ति की मौत बर्फ में दब कर हो गई। इस बीच ओडिशा के डा¨रगबाडी में तापमान शून्य से नीचे चला गया। यहां न्यूनतम तापमन -2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इधर राजधानी नई दिल्ली में लोगों ने धुंध भरे दिन की शुरुआत कड़ाके की ठंड के बीच की। शनिवार को सुबह राजधानी का तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना ही कि आने वाले दिनों में आसमान बादलों से भरा रह सकता है तथा तापमान में भी गिरावट रह सकती है। पंजाब के लुधियाना में सरकार ने ठंड के मद्देनजर सरकारी स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर दी है।
श्रीनगर में तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। शनिवार से जम्मू-कश्मीर में चिल्ले कलां की शुरुआत हो गई है। चिल्ले कलां प्रदेश में चालीस दिनों तक पड़ने वाली कड़ाके की ठंड को कहते हैं। श्रीनगर में हालांकि शुक्रवार के तापमान से दो डिग्री कम तापमान रहा किंतु लोगों को ठंड अनुभव शुक्रवार जैसा ही रहा। अमरनाथ यात्रा के दौरान आधार शिविर के रूप में इस्तेमाल होने वाले पहलगाम में भीषण पड़ रही है। उत्तरी कश्मीर में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य से दो डिग्री कम रहा।
इस बीच शनिवार को उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में धूप निखरी रही, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में सुबह के वक्त पसरी कोहरे की चादर ने दिक्कतें बढ़ाए रखीं। कुमाऊं के बागेश्वर जिले के कमेड़ी देवी क्षेत्र में एक व्यक्ति की बर्फ में दबकर मौत हो गई। पिछले दिनों में हुई बर्फबारी के कारण उत्पन्न दुश्वारियां कम नहीं हो पाई हैं। बागेश्वर जिले के कमेड़ी देवी चौकी के पुलिसकर्मियों ने सनगाड़ निवासी एक व्यक्ति का बर्फ में दबा शव बरामद किया। संभावना जताई कि कि हाल में हुई बर्फबारी के दौरान यह व्यक्ति बर्फ में दब गया होगा।