जानिए क्यों यहां अपनी लड़की ब्याहने से मना कर रहे हैं लोग
यहां के लड़कों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, कोई भी अपनी बेटी की शादी यहां नहीं करना चाहता है। जानिए आखिर ऐसी क्या वजह है, जो लोगों को ऐसा करने के लिए मजबूर कर रही है।
छतरपुर, एएनआइ। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जल संकट के कारण एक ऐसी समस्या सामने आ गई है, जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा हो। यह समस्या युवा लड़कों से जुड़ी हुई है। दरअसल, जहां पानी की दिक्कतें हो रही हैं, वहां लड़कों की शादियां नहीं हो पा रही हैं। लोग ऐसी जगहों पर अपनी बेटी की शादी करने से मना कर रहे हैं। यहां के बक्सवाहा गांव से एक मामला सामने आया है।
आपको बता दें कि यह गांव गंभीर जल संकट से गुजर रहा है। एक स्थानीय निवासी ने इस समस्या को बयां करते हुए बताया कि एक शादी सिर्फ इस वजह से कैंसिल कर दी गई, क्योंकि यहां पानी की समस्या थी। उनके अनुसार, कोई भी अपनी बेटी की शादी उनके इलाके में करने को तैयार नहीं है।
जिस लड़के की शादी टूट गई, उसके पिता जसु अहरिवार ने बताया कि लड़की के परिवार वालों को उनका बेटा बहुत पसंद था, मगर वाटर सप्लाई को लेकर दोनों पक्षों में बात नहीं बन पाई और शादी टूट गई। आपको बता दें कि एक हजार की आबादी वाले इस गांव में पानी की पाइपलाइनें बिछी हैं, इसके बावजूद लोगों को पानी के लिए दूर तक जाना पड़ता है। यहां पहले दो हैंडपंप भी थे, जो सूख चुके हैं।
पंचायत प्रमुख राजेश प्रजापति ने इसके लिए राज्य सरकार की नीतियों और इलाके में घटते जलापूर्ति स्तर को जिम्मेदार ठहराया। वहीं यह भी कहा कि हो सकता है इस दिक्कत के कारण युवा लड़कों की शादी नहीं हो पा रही है। मगर वे सुनिश्चित करेंगे कि यह मुद्दा जल्द से जल्द सुलझ जाए और लोग हंसी-खुशी जिंदगी जिएं।
यह भी पढ़ें: 4 माह की बच्ची, 6 बार आया हार्ट अटैक फिर भी बच गई जान