लखनऊ में धरने पर बैठे 'निर्भया' के बच्चे
लखनऊ। मोहनलालगंज में दरिंदगी का शिकार हुई लखनऊ की निर्भया के बच्चे न्याय की मांग को लेकर लखनऊ में जीपीओ पार्क पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना पर बैठ गए हैं। इनकी मांग अपनी मां के मामले की सीबीआई जांच की है। न्याय की गुहार लेकर निर्भया के परिवारीजन विधानसभा पर भी धरना देने के मूड में हैं। निर्भया की पुत्री व प
लखनऊ। मोहनलालगंज में दरिंदगी का शिकार हुई लखनऊ की निर्भया के बच्चे न्याय की मांग को लेकर लखनऊ में जीपीओ पार्क पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना पर बैठ गए हैं। इनकी मांग अपनी मां के मामले की सीबीआई जांच की है।
न्याय की गुहार लेकर निर्भया के परिवारीजन विधानसभा पर भी धरना देने के मूड में हैं। निर्भया की पुत्री व पुत्र समेत उसके वृद्ध सास-ससुर और पिता गांधी प्रतिमा के नीचे धरना पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सीबीआइ जांच का आदेश नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। निर्भया के देवर ने कहा कि वारदात की जांच कर रहे पुलिस के अधिकारियों के पल-पल बदल रहे बयान से वारदात में लीपापोती का संदेह और गहरा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने भी साधी चुप्पी
निर्भया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सवालों के घेरे में आने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी मामले में चुप्पी साध ली है। मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री अखिलेश कल मोहनलालगंज की घटना के बारे में कुछ भी बोलने से बचते रहे। बस इतना कहा कि जांच चल रही है, रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
शासन को अनुरोध पत्र का इंतजार
मोहनलालगंज में दरिंदगी का शिकार महिला के देवर व पिता सीबीआइ जांच की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन को अभी तक उनका अनुरोध पत्र नहीं मिला है। गृह सचिव कमल सक्सेना व पुलिस महानिरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि अभी घरवालों की ओर से सीबीआइ जांच के लिए कोई पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने के बाद विचार किया जाएगा।
महंत देव्या ने बच्चों को गोद मांगा
लखनऊ के ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि कल निर्भया की ससुराल देवरिया पहुंची। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मृतका के बच्चों को गोद लेने की इच्छा जताई। महंत ने कहा बच्चों की अच्छी परवरिश हो, अब यह जरूरी है। कारण कि कुछ दिन बाद लोग पुरानी घटनाओं की तरह इसे भी भूल जाएंगे।