मुंबई विवि ने दुनिया को दिए 12 अरबपति
मुंबई विश्वविद्यालय ने दुनिया को लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से भी ज्यादा अरबपति दिए हैं। इस वर्ष के वेल्थ-एक्स और यूबीएस अरबपति गणना के अनुसार, 12 अरबपतियों ने अपनी स्नातक की पढ़ाई मुंबई विश्वविद्यालय से की है।
नई दिल्ली। मुंबई विश्वविद्यालय ने दुनिया को लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से भी ज्यादा अरबपति दिए हैं। इस वर्ष के वेल्थ-एक्स और यूबीएस अरबपति गणना के अनुसार, 12 अरबपतियों ने अपनी स्नातक की पढ़ाई मुंबई विश्वविद्यालय से की है। दुनिया को अरबपति देने वाले दस शिक्षण संस्थानों में मुंबई विश्वविद्यालय का स्थान नौवां है। खास बात यह भी है कि 12 अरबपतियों को स्नातक की शिक्षा देने वाला मुंबई विश्वविद्यालय अमेरिका के बाहर का अकेला शिक्षण संस्थान है। सूची में पहले स्थान पर यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्सिल्वेनिया है, यहां से 25 अरबपतियों ने स्नातक की पढ़ाई की है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय 22 और येल विश्वविद्यालय 20 अरबपतियों के साथ क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर है। मुंबई विश्वविद्यालय ने एमआइटी, एनआइयू, यूनिवर्सिटी ऑफ कोलंबिया व ड्यूक जैसे विश्वविद्यालयों से भी ज्यादा अरबपति दिए हैं। 20 श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों की इस सूची में 16 अमेरिका के हैं। अमेरिका से बाहर के तीन अन्य स्कूल हैं-लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स [यूके], लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी [रूस] और ईटीएच ज्यूरिख [स्विट्जरलैंड]।
ऊंची शिक्षा जरूरी नहीं
वेल्थ-एक्स और यूबीएस अरबपति गणना के अनुसार, पैसा कमाने के लिए ऊंची शिक्षा बहुत जरूरी नहीं है। 2,325 अरबपतियों की सूची में 35 फीसद के पास तृतीय स्तर की डिग्री नहीं है। इतना ही नहीं, माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स और फेसबुक के सह संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने अपना कारोबार शुरू करने के लिए स्नातक की पढ़ाई छोड़ दी थी। उस वक्त दोनों हार्वर्ड विश्वविद्यालय के छात्र थे।