मप्र पुलिस भी नहीं कर पाई थी रामपाल को गिरफ्तार
हरियाणा में पुलिस हिरासत से बचने के लिए भक्तों की दीवार से घिरे रामपाल को चार साल पहले मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा पुलिस भी गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
छिंदवाड़ा [नई दुनिया]। हरियाणा में पुलिस हिरासत से बचने के लिए भक्तों की दीवार से घिरे रामपाल को चार साल पहले मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा पुलिस भी गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। रामपाल और उनके समर्थकों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने को लेकर यहां मुकदमा दर्ज किया गया था।
कोर्ट में चालान पेश करने से पहले पुलिस ने रामपाल को गिरफ्तार करने के लिए एक एसआइ को हिसार स्थित आश्रम में भेजा था। उस समय भी वहां रामपाल को हिरासत से बचाने के लिए उनके सैकड़ों अनुयायी सामने आ गए थे। बाद में पुलिस ने बिना रामपाल को हिरासत में लिए कोर्ट में चालान प्रस्तुत कर दिया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2010 में रामपाल के अनुयायी शहर में पुस्तकों का स्टाल लेकर आए थे। इन पुस्तकों में कुछ धर्म और उनके गुरुओं के बारे में विवादित बातें लिखी हुई थीं।