सिर से बह रहा था खून और मां पिलाती रही भूखी बच्ची को दूध
घटना में महिलाओं सहित पांच मजदूर बुरी तरह जख्मी हुए। इन्हीं में से सुमनबाई को सिर पर काफी चोटें आई, उसकी बेटी भी साथ थी।
नरसिंहपुर, नईदुनिया। जान पर बन आने के बाद भी मां बच्चों को भूखा नहीं देख सकती। ऐसा ही घटनाक्रम नरसिंहपुर जिले के सालीचौका में सामने आया। ट्रॉली पलटने से बुरी तरह जख्मी महिला के सिर से खून की धार बह रही थी। फिर भी वह दुधमुंही बेटी को सीने से चिपकाए दूध पिलाती रही।
रविवार रात 12:30 बजे बारहा-बसुरिया मार्ग पर ट्रेक्टर-ट्रॉली (एमपी 28 एए 5240) पलट गई। इसमें घायल 10 मजदूरों में कमलाबाई (25), तीजाबाई ठाकुर (45), आशीष (26), गुलाब (32), गुड्डीबाई (30), संगीताबाई (28), सुमनबाई (28), हल्के (21), नीरज ठाकुर (23) शामिल थे।
इनमें दो महिलाओं सहित पांच मजदूर बुरी तरह जख्मी हुए। इन्हीं में से सुमनबाई को सिर पर काफी चोटें आई, उसकी बेटी भी साथ थी। गंभीर जख्मी महिला बेहोश जैसी हो गई। तब भी बेटी को छाती से चिपकाए रखा और दूध पिलाती रही। इस मार्मिक दृश्य को जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
इसे भी पढ़ें: जमीन बेचने से नाराज पुत्र ने माता-पिता को तेज हथियार से किया जख्मी