आइएस के संपर्क रखने के संदिग्धों को कोच्चि लाया गया
आतंकी संगठन आइएस में युवाओं को भर्ती करने के आरोप में मुंबई से गिरफ्तार दो लोगों को केरल पुलिस पूछताछ के लिए कोच्चि ले आई है।
कोच्चि, प्रेट्र। युवकों को आइएस में भर्ती करने के आरोप में मुंबई से गिरफ्तार दो लोगों को यहां लाया गया है। केरल पुलिस अपनी जांच के क्रम में उन्हें यहां लाई है। दोनों पर राज्य के युवकों को कट्टरपंथी बनाने और फिर उन्हें विदेश में आतंकवादी संगठन में भर्ती होने के लिए बाध्य करने का आरोप है।
आर्शी कुरैशी और रिजवान खान को केरल पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस की मदद से पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया। दोनों को विमान से रविवार को यहां लाया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए किसी स्थान पर ले जाया गया।
पढ़ें- महाराष्ट्र: IS के साथ संबंध के शक में एक संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ जारी
कुरैशी विवादास्पद धर्म प्रचारक जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन से जुड़ा है। उसे 21 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। ठाणे जिले के कल्याण में स्थित आवास से खान को शुक्रवार की रात गिरफ्तार किया गया। दोनों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 25 जुलाई तक के लिए ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया।