मुस्लिम वोट बंटा तो बन जाएगी भाजपा सरकार: मायावती
कुरावली के रामलीला मैदान में मायावती ने वोटरों को मोदी का खौफ दिखाकर मुस्लिमों और अति पिछड़ों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बोलीं, मुस्लिम वोट बंटा तो भाजपा की सरकार बन जाएगी। नरेंद्र मोदी पीएम बने, तो देश दंगों की आग में झुलसेगा। बसपा सुप्रीमो ने सपा और कांग्रेस पर भी जमक
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। कुरावली के रामलीला मैदान में मायावती ने वोटरों को मोदी का खौफ दिखाकर मुस्लिमों और अति पिछड़ों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बोलीं, मुस्लिम वोट बंटा तो भाजपा की सरकार बन जाएगी। नरेंद्र मोदी पीएम बने, तो देश दंगों की आग में झुलसेगा। बसपा सुप्रीमो ने सपा और कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
शनिवार को एटा और मैनपुरी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा में मायावती ने कहा कि आजादी के बाद से देश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारें रहीं। मगर देश का विकास नहीं हुआ, इसलिए इन्हें किसी भी दशा में केंद्र में आने से रोकना है। गरीबी और बेरोजगारी के लिए बसपा सीधे तौर पर कांग्रेस, भाजपा व अन्य विरोधी दलों को ही अधिक जिम्मेदार मानती है।
अनुसूचित जाति-जनजाति व अन्य पिछड़ों के आरक्षण की सुविधा विरोधी दल नए नियम बनाकर खत्म कर रहे हैं। साजिश के तहत इस वर्ग के आरक्षण के कोटे को बढ़ाए बिना अन्य जातियों को जोड़ा गया।
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में प्रदेश में सबसे अधिक अपराध हुए। शामली और मुजफ्फरनगर दंगे सपा की नाकामी का परिणाम हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसके लिए सपा सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया है। मैनपुरी में हार की डर से सपा मुखिया आजमगढ़ से भी चुनाव लड़ रहे हैं।