रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर आज से दो दिवसीय बांग्लादेश दौरे पर
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर बुधवार को बांग्लादेश दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। बांग्लादेश में चीन की पैठ को कमजोर करने के लिए भारत सरकार एक समग्र योजना पर काम कर रही है। इस क्रम में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर बुधवार को दो दिन की ढाका यात्रा के लिए रवाना होंगे। ये किसी भी भारतीय रक्षामंत्री की पहली बांग्लादेश यात्रा होगी।
कुछ दिनों पहले चीन ने बांग्लादेश को पनडुब्बी की आपूर्ति की है। बांग्लादेश में चीन अपनी पकड़ और मजबूत बनाकर भारत को घेरने की कोशिश कर रहा है। चीन का जवाब देने के लिए भारत इस समय बांग्लादेश के साथ मिलकर तनगैल में संप्रति नाम से संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रहा है।
दिसंबर में शेख हसीना आएंगी भारत
रक्षा सूत्रों का कहना है कि रक्षा मंत्री के ढाका दौरे में सैन्य साजोसामान के साथ-साथ आतंकविरोधी अभियानों पर बातचीत होगी। दिसंबर में बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना की भारत यात्रा से पहले रक्षा मंत्री का दौरा अहम है।
शी जिनपिंग ने ढाका का किया था दौरा
अक्टूबर के मध्य में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ढाका का दौरा किया है। पिछले 30 साल में ढाका का दौरा करने वाले वे पहले राष्ट्रपति हैं। शी के ढाका दाैरे के समय 25 बिलियन डॉलर के करीब 25 सौदों पर सहमति बनी। जानकारों का कहना है कि चीन की तुलना में भारत की सैन्य और आर्थिक क्षमता दोनों कमतर है। लेकिन भारत कूटनीति के जरिए बांग्लादेश में चीन के प्रभाव को कम कर सकता है।
पढ़ें- रक्षा मंत्री की चेतावनी-किसी ने भारत को बुरी नजर से देखा तो आंखें निकाल लेंगे
OPV के जरिए भारत बना सकता है पकड़
जानकारों का कहना है कि हिंद महासागर में जिस तरह भारत ओपन पैट्रोल वेसेल की आपूर्ति के जरिए श्रीलंका, मालदीव, सेसेल्स, मारीशस में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। ठीक वैसे ही वह बांग्लादेश को ओपीवी उपलब्ध कराकर ढाका के साथ रिश्तों को और मजबूत कर सकता है।
पढ़ें- राहुल गांधी के गढ़ अमेठी में दूसरा गांव भी गोद लेंगे मनोहर पर्रिकर