पुलिस स्टेशन में विवाद के दौरान शख्स ने दूसरे की हत्या
आरोपी ने एक लोहे की रॉड से अनिल के सिर पर दे मारा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरी लड़ाई पुलिस स्टेशन के बाहर हुई थी।
नई दिल्ली (एएनआई)। दिल्ली के अम्बेडकर नगर में सोमवार की रात एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी के अनुसार, वे (अनिल) सोमवार को अपनी बेटी का जन्मदिन मना रहे थे। जन्मदिन की पार्टी के बाद, अनिल मेहमानों को छोड़ने बाहर जा रहे थे। जब अनिल मेहमानों को छोड़ रहे थे तभी एक व्यक्ति के साथ किसी मुद्दे पर उनके बीच विवाद हो गया।
अनिल की पत्नी ने तभी पुलिस को कॉल करके घर पर बुलाया। पुलिस वहां से उन दोनों को अम्बेडकर नगर पुलिस स्टेशन में ले आई। पुलिस स्टेशन में पुलिस के सामने ही एक बार फिर, अनिल और आरोपी के बीच विवाद शुरु हो गया। इसी दौरान आरोपी ने एक लोहे की रॉड से अनिल के सिर पर दे मारा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरी लड़ाई पुलिस स्टेशन के बाहर हुई थी।
लेकिन मृतक के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों के सामने ये सारी घटना हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरु कर दी है। आगे की जानकारी प्रतीक्षारत है।
यह भी पढ़ें : महिला ट्यूटर ने बहनों के साथ मिलकर बनाई छात्र की अश्लील क्लिपिंग