बिहार: खेत में बकरी जाने पर युवक को जिंदा जलाया
बिहार के सासाराम जिले के मोहनपुर क्षेत्र में खेत में बकरी घुसने की मामूली घटना पर एक दबंग ने महादलित युवक सांईराम को जिंदा जला दिया। इस घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दबंग संजय सिंह उर्फ कुलकुल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने भेज दिया।
पटना। बिहार के सासाराम जिले के मोहनपुर क्षेत्र में खेत में बकरी घुसने की मामूली घटना पर एक दबंग ने महादलित युवक सांईराम को जिंदा जला दिया। इस घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दबंग संजय सिंह उर्फ कुलकुल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने भेज दिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने आरोपी युवक के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के निर्देश दिए है। जबकि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया गया है। घटनाक्रम के अनुसार बुधवार को मोहनपुर गांव के महादलित युवक सांईराम बकरी चरा रहा था। अचानक उसकी बकरी संजय सिंह उर्फ कुलकुल के खेत में घुस गई।
मृत सांईराम के परिजनों के अनुसार इस पर संजय सिंह उर्फ कुलकुल आग बबूला हो गया। उसने पहले सांईराम के साथ मारपीट की। इतने पर भी संतोष नहीं होने पर उसने सांईराम के ऊपर मिटटी का तेल डाल कर जिंदा जला दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजन इलाज के लिए उसे विक्रमगंज के अनुमंडलीय अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने डीजीपी पीके ठाकुर तथा सासाराम के डीएम से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मामले का स्पीडी ट्रायल के साथ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उधर, घटना के विरोध में भाकपा माले ने सांईराम के शव को गांव के समीप सड़क पर रख कुरूर-बरना पथ को जाम कर दिया। वारदात की जानकारी होने पर घटनास्थल का मुआइना करने पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई कर जाम को खुलवाया।