रॉ के खिलाफ ममता की टिप्पणी राष्ट्रीय हित में नहीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बर्द्धमान विस्फोट के पीछे शीर्ष खुफिया एजेंसी रॉ का हाथ होने के आरोप लगाए जाने पर बुधवार को भाजपा ने उन पर करारा हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एमजे अकबर ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान राष्ट्रीय हित के खिलाफ है। उन्होंने
जागरण ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बर्द्धमान विस्फोट के पीछे शीर्ष खुफिया एजेंसी रॉ का हाथ होने के आरोप लगाए जाने पर बुधवार को भाजपा ने उन पर करारा हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एमजे अकबर ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान राष्ट्रीय हित के खिलाफ है। उन्होंने ताजा उदाहरण देते हुए कहा कि धार्मिक कट्टरवाद और तुष्टीकरण के प्रभावों के चलते पाकिस्तान में हो रहे आतंकी हमलों की घटना से ममता को सबक लेना चाहिए।
अकबर ने कहा कि ममता बनर्जी को राष्ट्रीय हित की कोई समझ नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां हमारे देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता दीदी सिर्फ वोट की राजनीति में ही रुचि रखती हैं और राज्य में धार्मिक कट्टरवाद को प्रोत्साहित करने की राजनीति कर रही हैं। यह बंगाल और देश दोनों के लिए खतरनाक है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री को आतंकवाद के इस उग्र रूप से वैश्विक घटनाओं के बारे में समझना चाहिए। पाकिस्तान ने हमेशा से जिहादी तत्वों को बढ़ावा दिया, जिसकी कीमत वह चुका रहा है। भाजपा पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और आतंकवाद से मुक्त सरकार चाहती है। इसमें वह जनता का सहयोग चाहती है।