आइआइटी मुंबई की लैब में घुसा तेंदुआ
आइआइटी मुंबई के छात्रों और कर्मचारियों के लिए बुधवार का दिन डराने वाला रहा। परिसर में स्थित मेट्रोलॉजी विभाग (मापन) के लैब में तेंदुआ के आने से कैंपस में हर तरफ अफरातफरी मच गई। देर शाम तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका था। तेंदुए के घुसने से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था
मुंबई [रंजीत जाधव/श्रेया भंडारे (मिड डे)]। आइआइटी मुंबई के छात्रों और कर्मचारियों के लिए बुधवार का दिन डराने वाला रहा। परिसर में स्थित मेट्रोलॉजी विभाग (मापन) के लैब में तेंदुआ के आने से कैंपस में हर तरफ अफरातफरी मच गई। देर शाम तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका था। तेंदुए के घुसने से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह प्रयोगशाला खोलते ही लैब असिस्टेंट ने जैसे ही जेनरेटर के पीछे छिपे बैठे तेंदुए को देखा तो उसके होश उड़ गए। घबराए असिस्टेंट ने लैब का शटर बंद कर अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए तकरीबन 11:30 बजे ठाणे वन विभाग और संजय गांधी राष्ट्रीय पार्क की टीम मुंबई आइआइटी परिसर पहुंची। एक सप्ताह पहले ही परिसर के अधिकारियों ने नोटिस जारी कर छात्रों और कर्मचारियों को कैंपस के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक न जाने की चेतावनी दी थी।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लैब में रासायनिक पदार्थ होने की वजह से तेंदुए को पकड़ना आसान नहीं है। प्रयोगशाला बड़ी होने की वजह से उसे ढूंढ़ पाने में भी मुश्किल आ रही है। हालांकि, पूरे क्षेत्र की घेरेबंदी कर दी गई है, इसलिए छात्रों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। परिसर में यह खबर भी आम है कि तेंदुआ शावक समेत लैब में घुसा आया है। हालांकि, किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
तेंदुए के हमले से संबंधित तमाम खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें