ललितगेट में सोनिया गांधी का नाम घसीटने पर तिलमिलाई कांग्रेस
आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम घसीटने के बाद कांग्रेस ने फिर पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ललित मोदी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने ललित के आरोपों का खंडन करते हुए
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम घसीटने के बाद कांग्रेस ने फिर पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ललित मोदी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने ललित के आरोपों का खंडन करते हुए कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ललित मोदी से कभी कोई मदद नहीं मांगी। न ही इन दोनों के बीच कभी कोई मुलाकात हुई है।'
कांग्रेस ने एक बार फिर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर 'लेन-देन' का आरोप लगाया। उनके पति स्वराज कौशल को लेकर ताजा खुलासे से कांग्रेस के तेवर और तीखे हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, ललित ने सुषमा स्वराज की मदद के बदले में उनके पति स्वराज कौशल को अपनी कंपनी इंडोफिल में अपनी जगह बोर्ड में शामिल होने का आफर दिया था। हालांकि स्वराज कौशल ने यह आफर ठुकरा दिया था। इस मामले में ललित मोदी का इसी अप्रैल में लिखे एक ई-मेल सामने आया है। इसमें ललित ने स्वराज कौशल से कहा है कि वह उनकी जगह एक वैकल्पिक निदेशक के तौर पर उनकी कंपनी के लिए काम करें। हालांकि मोदी के पिता केके मोदी ने कहा कि यह प्रस्ताव उनकी कंपनी के बोर्ड के सामने आने पर पहले ही अस्वीकार किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को कानून अपना वैकल्पिक निदेशक चुनने का अधिकार है। वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ललित मोदी की यह पेशकश इस बात का सबूत है कि विदेश मंत्री के परिवार और ललित मोदी परिवार के बीच अनुचित नजदीकियां हैं।
नेहरू को मुस्लिम बताने पर तल्खी
विकीपीडिया पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और उनके दादा को 'मुस्लिम' बताने को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इस मामले में केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि नेहरू से जुड़े विकीपीडिया पेजों में बदलाव को केंद्र सरकार के आइपी एड्रेस से अंजाम दिया गया है।
पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'जवाहरलाल नेहरू तथा मोतीलाल नेहरू से जुड़े विकीपीडिया पेजों को बदलने की कोशिश की गई। गलत इरादों से यह बताने का प्रयास किया गया कि जवाहरलाल नेहरू मुस्लिम थे। सरकार को इस मामले की पूरी जांच करानी चाहिए।' सुरजेवाला के मुताबिक यह बदलाव 'केंद्र सरकार के सॉफ्टवेयर प्रोवाइडर नेशनल इन्फार्मेटिक्स सेंटर के जरिए हुआ।
गौरतलब है कि नेहरू न केवल भारत के पहले प्रधानमंत्री थे, बल्कि वर्तमान कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी उन्हीं के नाती व भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी हैं। जानकारी के मुताबिक नेहरू तथा उनके परिवार से जुड़े पेजों पर बदलाव 26 जून को प्रकाश में आए। जबकि, आजादी से पहले भारत के आखिरी वायसराय लार्ड माउंटबेटन की पत्नी एडविना से नेहरू की मित्रता को लेकर भी कुछ गलत तथ्य जोड़े गए थे। हालांकि, इन बदलावों को एनसाइक्लोपीडिया के एडिटरों ने सुधार दिया।
'मौलाना मसूद अजहर से ललित मोदी तक, कंधार से लंदन तक। पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह से मौजूदा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक। भाजपा अपराधियों व भगोड़ों को मानवीय आधार पर मदद देने की नीति पर काम करती रही है।' -अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस प्रवक्ता