हो गई भूल... पीएम की मां बता किरण बेदी ने पोस्ट किया बुजुर्ग महिला के नृत्य का वीडियो
गलतफहमी का शिकार हो पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी ने बुजुर्ग महिला के नृत्य का वीडियो ट्वीट किया और PM नरेंद्र मोदी की मां बताया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पुडुचेरी की राज्यपाल और पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने एक गलत ट्वीट कर खुद को परेशानी में डाल लिया। बेदी का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसके लिए उनकी काफी निंदा भी की जा रही है। दरअसल, अपने ट्वीटर हैंडल से उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें एक वृद्ध महिला गरबा संगीत पर नृत्य कर रही है। यहां तक तो सब ठीक था लेकिन उन्होंने इस बुजुर्ग महिला को अच्छे से देखे बिना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी बता दिया जो कि 100 फीसद गलत था।
Spirit of Deepavali at tender age of 97. She's mother of @narendramodi (Hiraben Modi -1920) celebrating Diwali at her own home👇🏼@SadhguruJV pic.twitter.com/HBXAzNXomC— Kiran Bedi (@thekiranbedi) October 20, 2017
चार हजार रीट्वीट व 11 हजार लाइक्स
किरण बेदी के इस ट्वीट को करीब चार हजार लोगों ने रीट्वीट और करीब 11 हजार लोगों ने लाइक किया है। इसके साथ ही करीब एक हजार लोगों ने कमेंट किया है। लेकिन यह वीडियो फर्जी है। वीडियो में दिख रही बुजुर्ग महिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां नहीं, बल्कि कोई और महिला है, जो कि नवरात्र में गरबा डांस कर रही हैं।
चार घंटे बाद स्वीकार ली गलती
वीडियो ट्वीट करने के चार घंटे बाद किरण बेदी ने एक और ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘मुझे पहचानने में गलतफहमी हो गई थीं। लेकिन इस मां को मेरा सैल्यूट। मुझे उम्मीद है कि 96 साल की उम्र में मैं ऐसे ही सक्रिय रहूं।’ यह वीडियो 3 अक्टूबर को ‘Old woman doing garba dance’ शीर्षक के साथ यूट्यूब पर अपलोड किया गया था।
Am informed it's mistaken identity @SadhguruJV. But salute to the mother with so much vigour. I hope i can be like her if/ when I am 96..! https://t.co/5llHN40tg8— Kiran Bedi (@thekiranbedi) October 20, 2017
किरण बेदी की हो रही निंदा
किरण बेदी ने ट्वीट कर बताया, ‘97 साल की उम्र में दीपावली की ऐसी भावना अपने घर में दिवाली मनाती हैं (हीराबेन मोदी- 1920)।‘ ट्विटर पर किरण बेदी के फॉलोअर्स की संख्या एक करोड़ से अधिक है। वीडियो को देखने वाला हर शख्स उनकी निंदा कर रहा है।
पुराना है वीडियो
यूट्यूब पर यह वीडियो तीन अक्टूबर को अपलोड किया गया। इसके साथ मात्र इतनी जानकारी दी गयी थी कि नवरात्र में बुजुर्ग महिला गरबा कर रही है। हालांकि यह इससे भी पहले सोशल मीडिया पर आ चुका है। 30 सितंबर को एक फेसबुक प्रोफाइल से यह वीडियो अपलोड किया गया था। उसमें भी महिला की नृत्य भावना की प्रशंसा की गई थी, लेकिन इनकी पहचान जाहिर नहीं हुई थी।
दीवाली का बता किया था पोस्ट
किरण बेदी ने बताया कि वीडियो दीवाली का है जो 19 अक्टूबर को थी। किरण बेदी पुलिस प्रशासन में एक उच्चाधिकारी रही हैं। सामाजिक और राजनीतिक भूमिकाएं भी वे निभाती रही हैं। तथ्यों की जांच किए बिना एक वीडियो के पोस्ट करने जैसी गलती के लिए उन्होंने माफी मांग ली है।
यह भी पढ़ें: किरण बेदी के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेंगे इस राज्य के मुख्यमंत्री