यौनशोषण के आरोप के बाद जेएनयू छात्रसंघ पदाधिकारियों का इस्तीफा
छात्रा के यौनशोषण के आरोपी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र संघ अध्यक्ष अकबर चौधरी और संयुक्त सचिव सरफराज ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। इस संबंध में अन्य पदाधिकारियों की तरफ से एक पोस्टर कैंपस में लगाया गया, जिसमें यह कहा गया है कि अब दोनों आरोपी पदाधिकारी छात्रसंघ के ऑफिस में नहीं जाएंगे।
नई दिल्ली। छात्रा के यौनशोषण के आरोपी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र संघ अध्यक्ष अकबर चौधरी और संयुक्त सचिव सरफराज ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। इस संबंध में अन्य पदाधिकारियों की तरफ से एक पोस्टर कैंपस में लगाया गया, जिसमें यह कहा गया है कि अब दोनों आरोपी पदाधिकारी छात्रसंघ के ऑफिस में नहीं जाएंगे।
मामले के जेंडर सेंसटाइजेशन कमेटी अगेंस्ट सेक्सुअल हेरासमेंट (जीएसकैश) में होने के कारण इस संबंध में आइसा व जेएनयू छात्र संघ के पदाधिकारी कुछ कहने से बच रहे हैं। इस्तीफे की खबर का अन्य छात्र संगठनों ने स्वागत किया है। आइसा ने अपने छात्र संघ पदाधिकारियों से जुड़े इस मामले पर ऐसे समय में निर्णय लिया है, जब कुछ दिनों बाद ही छात्र संघ कार्यकारिणी भंग होने वाली है। अगस्त के अंतिम सप्ताह में ही छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिसमें चुनाव अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों की घोषणा भी होती है।