झारखंड में बच्ची का गला काट खून पीते नरपिशाच को पकड़ा
बोकारो के बेरमो थाना अंतर्गत सुभाषनगर कॉलोनी में शुक्रवार की शाम एक पांच वर्षीय बच्ची का गला रेतकर खून पीते एक वहशी को स्थानीय लोगों ने पकड़ा। आक्रोशित लोग उसे मार डालने पर उतारू थे लेकिन पुलिस ने उसे किसी तरह बचाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का प्राथमिक उपचार
बेरमो (बोकारो), जागरण संवाददाता। बोकारो के बेरमो थाना अंतर्गत सुभाषनगर कॉलोनी में शुक्रवार की शाम एक पांच वर्षीय बच्ची का गला रेतकर खून पीते एक वहशी को स्थानीय लोगों ने पकड़ा। आक्रोशित लोग उसे मार डालने पर उतारू थे लेकिन पुलिस ने उसे किसी तरह बचाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का प्राथमिक उपचार केंद्रीय अस्पताल ढोरी में कराकर बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर स्थिति में रांची रेफर कर दिया गया।
इधर, आक्रोशित लोगों का हुजूम उस युवक के पुराना सुभाषनगर स्थित घर जा पहुंचा। कुछ लोगों ने उसके घर पर पथराव भी किया। मामला बिगड़ता देख उसके घर से उसके पिता आशीष डोम, माता फूली देवी एवं भाई विजय कुमार को पुलिस अपने साथ थाने ले आई।
[घायल बच्ची को लेकर अस्पताल ले जाते परिजन]
बताया गया कि पुराना आशीष डोम का 27 वर्षीय पुत्र संजय डोम शुक्रवार की शाम को पड़ोस स्थित सुभाषनगर कॉलोनी में सुरेश महतो के घर के बाहर उनकी 5 वर्षीय पुत्री पार्वती का गला ब्लेड से रेतने के बाद कटे हुए स्थान में मुंह लगाकर खून पी रहा था। उस दौरान एक महिला ने उसे देख लिया। उस महिला ने बच्ची को उससे छुड़ाने का काफी प्रयास किया। नाकाम रहने पर शोर मचाकर लोगों को जुटाया। लोगों ने उस दरिंदें को धर-दबोचा और धुनाई शुरू कर दी।
नशे से बिगड़ा मानसिक संतुलन
उस युवक के माता-पिता ने बताया कि उसका पुत्र संजय सुलेशन से नशा करता है। इस कारण उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उसका इलाज रांची के कांके अस्पताल से हो रहा है।
[आरोपी संजय डोम]
एक अन्य का भी रेता था गला
पांच वर्षीय बच्ची का गला रेतकर खून पीने वाले संजय ने एक दिन पूर्व बृहस्पतिवार को अपने ही मुहल्ले के एक अन्य व्यक्ति का गला ब्लेड से रेत दिया था। बेरमो थाना को आवेदन देते हुए पुराना सुभाषनगर के रमेश भुइयां ने बताया था कि बृहस्पतिवार की रात आठ बजे संजय उसके घर आया और कहने लगा कि तुम्हारी पत्नी बहुत पूजा-पाठ करती है। उसके बाद उसने उनके गले पर ब्लेड चला दिया।
बीच-बचाव करने आई पुत्री अमृता के पैर पर भी वह ब्लेड से वार करके फरार हो गया। उसके बाद संजय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात एवं शुक्रवार के दिन में भी छापेमारी की थी, लेकिन वह नहीं मिल पाया था।
'छोटी बच्ची का गला रेतकर खून पीने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाने मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी मानसिक रोगी है। इसलिए उसे जेल के बजाय इलाज के लिए रिनपास भेजा जाएगा।' -पूर्णचंद्र देवगम, थानेदार, बेरमो थाना।