Move to Jagran APP

शरद बोले- जदयू हमारा, पर कार्यकर्ताओं ने किया किनारा

बिहार में चौपाल लगाने के लिए गुरुवार से तरकश सजा निकले शरद यादव ने दावा किया कि जदयू उनका है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Fri, 11 Aug 2017 04:16 AM (IST)Updated: Fri, 11 Aug 2017 04:16 AM (IST)
शरद बोले- जदयू हमारा, पर कार्यकर्ताओं ने किया किनारा
शरद बोले- जदयू हमारा, पर कार्यकर्ताओं ने किया किनारा

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में महागठबंधन टूटने के बाद बिहार में चौपाल लगाने के लिए गुरुवार से तरकश सजा निकले शरद यादव ने दावा किया कि जदयू उनका है, लेकिन पटना हवाई अड्डे से लेकर मुजफ्फरपुर तक उनकी सभाओं में जदयू कार्यकर्ता नजर नहीं आए। हालांकि राजद कार्यकर्ताओं ने उन्हें हाथोंहाथ लिया और जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया। समाजवादी जनमोर्चा द्वारा सोनपुर में तैयार मंच पर शरद के साथ राजद विधायक रामानुज प्रसाद भी मौजूद थे।

loksabha election banner

 नीतीश कुमार से खफा शरद को तीन दिनों में आठ जिलों में सभाएं करनी है। दलबदल कानून से बचने के लिए सभी स्थानों पर शरद के मंच का आयोजन समाजवादी जनमोर्चा के बैनर तले किया गया। सोनपुर समेत सभी सभाओं में शरद के संबोधन में जदयू का भाजपा के साथ जाने का दर्द झलका। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिये बिना शरद ने जदयू के स्टैंड को जनता के साथ धोखा करार दिया। महागठबंधन को अटूट बताते हुए शरद ने दावा किया बिहार में भाजपा को नकार कर राजद-कांग्रेस-जदयू के संयुक्त घोषणापत्र को जनता ने पसंद किया था। बिहार के 11 करोड़ लोगों ने भाजपा के साथ जाने का जनादेश नहीं दिया था। पिछले 70 सालों में पहली बार ऐसा हुआ है कि दो अगल-अलग घोषणापत्रों पर चुनाव लड़ने वाले दल साथ हो गए हैं।

 शरद ने दावा किया कि जदयू के असली नेता और कार्यकर्ता अभी भी उनके साथ हैं, जबकि जो लोग छोड़कर गए हैं, वे सरकारी लोग हैं। महागठबंधन बनाने में नीतीश कुमार के योगदान का जिक्र तो किया, लेकिन तोड़ने के मामले में उनका नाम लेने से बचते दिखे। देश में लोकतंत्र पर संकट बताते हुए शरद ने दोटूक कहा कि महागठबंधन जनता के लिए बनाया गया था। मैं उसी जनता के साथ जा रहा हूं। मैं उस वोट को ईमान समझता हूं और इस ईमान के साथ धोखा हुआ है। पटना में पत्रकारों के पूछे जाने पर कि आपका दौरा क्या पार्टी के खिलाफ है, शरद ने कहा कि मुझे इसके बारे में कुछ नहीं कहना है। शरद की सभाओं से जदयू के कार्यकर्ता तो नहीं दिखे, लेकिन पूर्व मंत्री रमई राम उनके साथ नजर आए।

 बिहार जदयू ने की कार्रवाई की अनुशंसा

जदयू के बिहार अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने शरद यादव के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा राष्ट्रीय नेतृत्व से की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सिंह ने कहा कि रमई राम पर भी शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।

 शरद को लालटेन की रोशनी की जरूरत : त्यागी

जदयू के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि शरद यादव का यह बयान हमारे लिए चिंताजनक है कि वह अभी भी महागठबंधन के साथ हैं। अगर उन्हें पार्टी के किसी फैसले पर एतराज है तो पार्टी के अंदर अपनी बातें रखें। हमें पूरी उम्मीद है कि 19 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में वह जरूर अपनी बातें रखेंगे। वह जिस दौरे पर निकले हैं, वह राजद प्रायोजित है। शरद यादव अंधेरे में तीर चला रहे हैं। उन्हें लालटेन की रोशनी की जरूरत आन पड़ी है।

यह भी पढें: आमजन में अखिलेश की लोकप्रियता कायम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.