गुड मार्निंग संदेश ने पहुंचाया जेल
साइट्स में मौजूद आधुनिक तकनीकें कई बार सुविधा की बजाय असुविधा पैदा कर देती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ फलस्तीन के रहने वाले एक शख्स के साथ।
यरूशलम, एजेंसी : सोशल मीडिया का इस्तेमाल एक आम बात है। साइट्स में मौजूद आधुनिक तकनीकें कई बार सुविधा की बजाय असुविधा पैदा कर देती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ फलस्तीन के रहने वाले एक शख्स के साथ। उसने फेसबुक पर अरबी भाषा में एक पोस्ट क्या किया, उसे जेल की हवा खानी पड़ी। दरअसल इस शख्स ने एक निर्माणाधीन स्थान पर खड़े बुलडोजर के साथ अपनी एक तस्वीर खींची और उसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। तस्वीर के साथ उसने अरबी में गुड मॉर्निंग लिखा। फेसबुक ने हिब्रू भाषा में उसका अनुवाद किया- ‘उनपर हमला करो’ और अंग्रेजी में अनुवाद किया- ‘उन्हें नुकसान पहुंचाओ’। बस फिर क्या था, इस पोस्ट का नोटिफिकेशन जैसे ही इजरायली पुलिस ने देखा, वे उस शख्स को गिरफ्तार करके ले गए। आखिर जब उस शख्स ने पुलिस को पूरा मामला समझाया तब जाकर पुलिस ने उसे रिहा किया।