अब कभी मणिपुर वापस नहीं लौटना चाहती हैं इरोम शर्मिला
तक सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (आफ्सपा) के खिलाफ 16 साल तक संघर्ष करने वाली इरोम शर्मिला अब मणिपुर वापस नहीं लौटना चाहती है।
इंफाल (जेएनएन)। मणिपुर में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (आफ्सपा) के खिलाफ 16 साल की लंबी लड़ाई लड़ने वाली आयरन लेडी इरोम शर्मिला ने कहा है कि वह अब कभी भी मणिपुर नहीं लौटना चाहती हैं। इरोम ने जल्द ही शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया है, जिसके लिए उन्होंने तमिलनाडु के हिल स्टेशन कोडइकनाल स्थित उप रजिस्ट्रार राजेश कायार्लय में आवेदन दिया है। इरोम अपने ब्रिटिश पार्टनर डेसमंड कुटान्हो के साथ शादी कर रही हैं।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए इरोम ने कहा, ‘मैंने 16 सालों तक सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (आफ्सपा) के खिलाफ संघर्ष किया लेकिन चुनाव में लोगों ने चुनाव मुझे नकार दिया। इसी कारण मैं मणिपुर नहीं लौटना चाहती। ये एक निजी फैसला है, जो मैंने विधानसभा चुनाव में हार के बाद लिया था।’
आपको बता दें कि इरोम ने पिछले साल 9 अगस्त को आफ्सपा के खिलाफ अपना 16 साल लंबा अनशन तोड़ते हुए विधानसभा चुनाव लड़कर राज्य से आफ्सपा हटाने का निर्णय लिया था। फरवरी 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में इरोम पीपुल्स रिसर्जेंस एंड जस्टिस अलाएंस (प्रजा) नाम की पार्टी बनाकर चुनाव मैदान में उतरी थीं लेकिन इरोम को मात्र 90 वोट मिले। लोगों ने इरोम से ज्यादा वोट नोटा को दिए। चुनाव नतीजों के कुछ दिन बाद इरोम मानसिक शांति के लिए तमिलनाडु स्थित कोडईकनाल के पेरूमलमलाई चली गई थीं, तबसे वे वहीं रह रही हैं।
इरोम ने बताया, ‘मैं पूरी से तरह से राजनीति से ऊब चुकी हूं, हालांकि मैं आफ्सपा के खिलाफ अपना संघर्ष किसी और मंच के ज़रिये जारी रखूंगी। मैं अभी ग्रीन अलाएंस से जुड़ी हूं, जो विभिन उद्देश्यों पर काम करने वाली एक सामाजिक संस्था है। हम इसके माध्यम से इस दमनकारी सैनिक नियम को हटाने के लिए अभियान चलाने की योजना बनाएंगे।'
अपनी शादी के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि अगस्त के मध्य तक सब-रजिस्ट्रार उनकी शादी का सर्टिफिकेट जारी कर देंगे। उन्होंने बताया कि शादी की रस्में पेरूमलमलाई स्थित एक स्थानीय चर्च में संपन्न होंगी। इरोम ने कहा, 'इस शादी में हमारे परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों को आमंत्रित करने की कोई योजना नहीं है। हमारे चाहने वाले कुछ स्थानीय लोग शायद इस शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं। मैं एक आम औरत की तरह जिंदगी जीना चाहती हूं।'
यह भी पढ़ें: इरोम शर्मिला शादी के लिए तैयार, हिंदू तरीके से शादी करने के लिए दिया प्रार्थना पत्र
यह भी पढ़ें: जुलाई में ब्रिटिश पार्टनर संग सात फेरे लेंगी इरोम शर्मिला