गीता को रखने वाली संस्था जांच के घेरे में, कलेक्टर ने बनाई कमेटी
गीता को रखने वाले मूकबधिर संगठन द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं।
इंदौर, जेएनएन। गीता को रखने वाले मूकबधिर संगठन द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए एक कमेटी भी बना दी गई है। कमेटी को सप्ताहभर में रिपोर्ट सौंपना है। स्कीम-71 स्थित मूकबधिर संगठन शासन से अनुदान लेता है। बाल संरक्षण अधिकार आयोग को एक शिकायत मिली थी कि संगठन बच्चों के परिजनों से अतिरिक्त शुल्क लेता है। इस पर प्राथमिक जांच कराई गई। इसमें ट्यूशन, फल, कम्प्यूटर व सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेना पाया गया।
पढ़ें- पाकिस्तान घबराया, कहा- भारत के साथ नहीं रखना चाहते दुश्मनी
इस आधार पर बाल आयोग ने कलेक्टर को जांच के आदेश दिए थे। कलेक्टर पी. नरहरी ने तीन सदस्यीय दल गठित किया है। इसमें महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक वीपीएस राठौर, पिछड़ा वर्ग कल्याण के सहायक संचालक वेदप्रकाश माली व राजकीय प्रौढ़ मूकबधिर संस्था के अधीक्षक भरत सिंह गौर हैं। गौरतलब है कि इसी संस्था में बीते एक साल से पाकिस्तान से भारत लाई गई 23 साल की गीता भी रह रही है।
साभार- नईदुनिया
पढ़ें- दिल्ली पुलिस में सिपाही के 4669 पदों के लिए देशभर से आए 17 लाख आवेदन