चाचा करता था इंद्राणी का यौन शोषण
अपनी बेटी की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार होकर पुलिस जांच की केंद्र बनी हुई है, उसकी खुद की दास्तान भी कम भयावह नहीं है।
नई दिल्ली। जो इंद्राणी अपनी बेटी की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार होकर पुलिस जांच की केंद्र बनी हुई है, उसकी खुद की दास्तान भी कम भयावह नहीं है।
वरिष्ठ पत्रकार वीर संघवी के नए खुलासे से पूरे मामले की खौफनाक तस्वीर उभरती है। इंद्राणी ने वीर संघवी को बताया था कि उसका सौतेला पिता (चाचा) खुद उसका यौन शोषण करता था। इसी कारण वह कम उम्र में गुवाहाटी से भागकर कोलकाता चली गई थी और वहां संजीव खन्ना से शादी की थी। बाद में संजीव से भी तलाक ले लिया।
वीर संघवी इंद्राणी की कंपनी आईएनएक्स मीडिया में सीईओ रहे थे। शुक्रवार को संघवी ने एक अंग्रेजी न्यूज चैनल से कहा कि यह बात इंद्राणी ने खुद उन्हें बताई थी।
इंद्राणी ने कहा था कि उसके पिता बचपन में ही घर छोड़कर चले गए थे। उनके जाने के बाद उसकी मां ने अपने देवर (इंद्राणी के चाचा) से शादी कर ली थी। इंद्राणी के सौतेले पिता यानी चाचा उसका यौन शोषण करते थे। इस दौरान उसकी मां भी उसे नहीं बचाती थी।
बहुत महत्वाकांक्षी है इंद्राणी
वीर संघवी ने बताया कि इंद्राणी बहुत ही महत्वाकांक्षी महिला है। वह मीडिया जगत की हस्ती बनना चाहती थी। उसने बताया था कि वह असम की एक अमीर फैमिली से है।
हर पार्टी में आती थी शीना
शीना बोरा के बारे में संघवी ने बताया कि इंद्राणी के तीसरे पति व स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी उसे हर पार्टी में लेकर आते थे। वह उसे इंद्राणी की सौतेली बहन बताते थे।
पीटर-इंद्राणी यानी "बंटी-बबली"
संघवी के अनुसार मीडिया की दुनिया में पीटर-इंद्राणी की जोड़ी "बंटी-बबली" के नाम से कुख्यात थी। इसी कारण मैंने उनके साथ ज्यादा दिन काम नहीं किया।