शीना बोरा हत्याकांड में जेल में बंद इंद्राणी पर लगा यह आरोप, केस दर्ज
एक महिला कैदी की मौत के बाद जेल में खूब बवाल काटा गया। इस संबंध में इंद्राणी मुखर्जी पर गंभीर आरोप लगा है।
मुंबई, पीटीआई। अपनी बेटी शीना बोरा के हत्या मामले में बाइकुला जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी पर दंगा भड़काने का आरोप लगा है। इस संबंध में इंद्राणी समेत करीब 200 कैदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक महिला कैदी की मौत के बाद जेल में खूब बवाल काटा गया। मंजु गोविंद शेट्टी नामक इस कैदी की शुक्रवार रात सरकार द्वारा संचालित जे जे अस्पताल में मौत हो गई।
एक महिला जेल अधिकारी द्वारा मंजु की बुरी तरह से पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। मंजु की मौत से गुस्साई महिला कैदियों ने जेल की छत पर चढ़कर भी हिंसक प्रदर्शन किया। वहीं सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट में कई के घायल होने की खबर भी है। जेल परिसर में अखबार जलाकर भी विरोध दर्ज कराया गया।
इंद्राणी पर आरोप लगा है कि उसने ही दंगा व हिंसक प्रदर्शन करने के लिए महिला कैदियों को भड़काया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कैदी मंजु का मामला मीडिया के सामने रखना चाहते थे, जेल के नियमों के अनुसार जिसकी इजाजत नहीं है।
यह भी पढ़ें: राजधानी-शताब्दी ट्रेनों में एक अक्टूबर से मिलने जा रही हैं ये सुविधाएं